नशा मुक्ति का संदेश लेकर आई.बी. कॉलेज में जागरूकता रैली आयोजित.
BOL PANIPAT l आई.बी.(पी.जी.) कॉलेज, पानीपत में युवा नशा विरोधी क्लब द्वारा क्लब के संयोजक अजय पाल सिंह के कुशल निर्देशन में नशीले पदार्थों एवं तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
इस जागरूकता रैली को कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शशि प्रभा मलिक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली कॉलेज परिसर से प्रारंभ होकर पूरे परिसर का भ्रमण करती हुई जी.टी. रोड, पानीपत से होकर पालिका बाजार तक पहुँची। मार्ग में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक नारे लगाते हुए आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। जन-जागरूकता का संदेश प्रसारित करती हुई यह रैली पुनः कॉलेज परिसर में लौटकर सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
रैली के दौरान विद्यार्थियों ने “नशे से दूर रहना है, भारत को महान बनाना है”, “तंबाकू छोड़ो, जीवन से नाता जोड़ो” तथा “नशा त्यागो, स्वस्थ जीवन अपनाओ” जैसे प्रेरणादायक नारे लगाते हुए जनमानस को जागृत किया और समाज को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शशि प्रभा मलिक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, “नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को हानि पहुँचाता है, बल्कि उसके परिवार और समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है। हमें सामूहिक रूप से प्रयास कर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना होगा, ताकि एक स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त समाज का निर्माण हो सके।”
इस अवसर पर क्लब के संयोजक अजय पाल सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आई.बी. कॉलेज, पानीपत का युवा नशा विरोधी क्लब महानिदेशक उच्चतर शिक्षा, पंचकूला के निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक माह इस प्रकार की जागरूकता गतिविधियों का आयोजन करता है, ताकि विद्यार्थियों को ड्रग्स एवं तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया जा सके। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही नशे के विरुद्ध सबसे प्रभावी हथियार है और ऐसे प्रयासों का उद्देश्य न केवल कॉलेज परिसर, बल्कि पूरे समाज को नशामुक्त बनाने में सार्थक योगदान देना है। युवाओं को नशे से दूर रखकर ही राष्ट्र का भविष्य उज्ज्वल बनाया जा सकता है, और यदि इस रैली से एक भी व्यक्ति जागरूक होता है तो यह प्रयास सफल माना जाएगा।इस अवसर पर उप-प्राचार्या डॉ. किरण मदान ने कहा, “युवाओं को सही दिशा देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जागरूकता अभियान और ऐसी रैलियां विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करती हैं तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य करती हैं।”इस आयोजन में समिति सदस्यों — डॉ. शर्मिला यादव, डॉ. निर्मला, राहुल कुमार एवं अजय कुमार का विशेष सहयोग रहा।इस अवसर पर डॉ. सुनीत शर्मा, डॉ. निधान सिंह, डॉ. विक्रम कुमार, डॉ. पवन कुमार, डॉ. प्रवीण कुमार, अश्वनी कुमार तथा गैर-शिक्षक वर्ग से ममता, विष्णु एवं विजय कुमार उपस्थित रहे। साथ ही बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Comments