Monday, June 1, 2026
Newspaper and Magzine


व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह के तहत छात्राओं को मिला करियर का दिशा-संकेत

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at February 3, 2026 Tags: , , , ,

-एसएससी, यूपीएससी और एचसीएस परीक्षाओं पर करियर वार्ता. 105 छात्राओं ने लिया लाभ.

BOL PANIPAT , 3 फरवरी। हरियाणा रोजग़ार विभाग द्वारा प्रदेश भर में 2 फरवरी से 6 फरवरी तक व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में  पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय,भापरा रोड (समालखा) में प्रात: करियर मार्गदर्शन वार्ता का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में सहायक रोजगार अधिकारी डॉ. निकिता ने छात्राओं को एसएससी, यूपीएससी और एचसीएस जैसी प्रमुख सिविल सेवाओं की परीक्षाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन परीक्षाओं में कौन-कौन सी सेवाएं सम्मिलित होती हैं, पात्रता क्या है तथा परीक्षार्थी कितनी बार इन परीक्षाओं में सम्मिलित हो सकता है। उन्होंने  छात्राओं को सलाह दी कि वे अपनी रुचि और क्षमता को ध्यान में रखते हुए लक्ष्य निर्धारित करें और उसे प्राप्त करने के लिए पूरी निष्ठा व परिश्रम के साथ तैयारी करें।

उन्होंने विशेष रूप से 9वीं और 11वीं कक्षा की छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि विषयों का चयन सोच-समझकर करने से भविष्य में कैरियर की दिशा स्पष्ट होती है। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी पदों से संबंधित शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा की भी जानकारी दी गई। विद्यालय के प्रधानाचार्य रामपाल भोलाराम ने कहा कि अभिरुचि के अनुसार किया गया करियर चयन और आत्मप्रेरणा से की गई योजनाबद्ध मेहनत ही सफलता की कुंजी है। इस व्यावसायिक मार्गदर्शन कार्यक्रम में विद्यालय की लगभग 105 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Comments