मनरेगा के अधूरे कार्य जल्द होंगे पूरे, सीईओ डॉ. किरण ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
-पुराने वित्तीय वर्षों के मनरेगा कार्यों को पूरा करने की मुहिम तेज, जिला स्तरीय कमेटी की अहम बैठक
BOL PANIPAT , 16 मार्च। पुराने वित्तीय वर्षों के तहत चल रहे मनरेगा कार्यों को शीघ्र पूरा करने के उद्देश्य से सोमवार को सीईओ जिला परिषद कार्यालय में मुख्य कार्यकारी अधिकारी, डीआरडीए-कम-डीपीसी मनरेगा डॉ. किरण की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कमेटी की बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान भारत सरकार और विभागीय मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों के अनुसार मनरेगा योजना के तहत पिछले वित्तीय वर्षों के ऐसे कार्य, जो अभी भी नरेगा सॉफ्ट पर अधूरे या लंबित दर्ज हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
सीईओ डॉ. किरण ने कहा कि सभी प्रगतिशील व अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण कर नरेगा सॉफ्ट पर अपडेट किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर आम जनता तक पहुंच सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जहां आवश्यक हो वहां रिकवरी से संबंधित कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए और सभी लंबित कार्यों को पूर्ण कर जिला स्तरीय कमेटी (डीएलसी) को प्रस्ताव भेजने की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए।
उन्होंने सभी विभागों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए मनरेगा योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि मनरेगा के तहत चल रहे विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी को गंभीरता से लिया जाएगा। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि मनरेगा के सभी लंबित कार्यों को जल्द से जल्द पूरा कर ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति दी जाए।
बैठक में डीएचओ संदीप, प्रोग्राम अधिकारी रण सिंह वर्मा के अलावा विभिन्न विभागों से अधिकारी मौजूद रहे।

Comments