Saturday, April 25, 2026
Newspaper and Magzine


-पानीपत के युवा कोच नागेश्वर वशिष्ठ ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर लहराया भारत का परचम

By LALIT SHARMA , in SPORTS , at March 24, 2026 Tags: , , , ,

-स्विट्ज़रलैंड में वर्ल्ड आर्चरी से हासिल की इंटरनेशनल कोच की उपाधि

BOL PANIPAT । जिले के लिए गर्व का क्षण है कि पानीपत के युवा आर्चरी कोच नागेश्वर वशिष्ठ ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नागेश्वर वशिष्ठ ने स्विट्ज़रलैंड के लॉज़ेन स्थित वर्ल्ड आर्चरी एक्सीलेंस सेंटर में आयोजित वर्ल्ड आर्चरी लेवल-1 कोचिंग सेमिनार में भाग लिया और सफलतापूर्वक इंटरनेशनल लेवल-1 कोच सर्टिफिकेशन प्राप्त किया।

यह प्रतिष्ठित सेमिनार 14 मार्च से 24 मार्च 2026 तक आयोजित किया गया, जिसमें दुनियाभर के चुनिंदा कोचों ने हिस्सा लिया। नागेश्वर ने इस दौरान आधुनिक तकनीकों, वैज्ञानिक प्रशिक्षण पद्धतियों और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार आर्चरी कोचिंग की गहन जानकारी हासिल की।

नागेश्वर वशिष्ठ पहले से ही पानीपत में अपनी आर्चरी अकादमी के माध्यम से कई खिलाड़ियों को प्रशिक्षित कर रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि से न केवल पानीपत, बल्कि पूरे हरियाणा और देश का नाम रोशन हुआ है।

नागेश्वर का कहना है कि उनका लक्ष्य अब इन अंतरराष्ट्रीय स्तर की तकनीकों को भारत में लागू कर खिलाड़ियों को विश्व स्तर पर तैयार करना है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उनके लिए ही नहीं, बल्कि उन सभी खिलाड़ियों और युवाओं के लिए प्रेरणा है जो खेलों में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं।

उनकी इस सफलता पर क्षेत्र के खेल प्रेमियों, साथियों और परिवारजनों में खुशी का माहौल है। सभी ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Comments