जिन लाभार्थियों के ऋण हो चुके स्वीकृत, उनका बैंक तत्काल वितरण करें सुनिश्चित: उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया
लोन स्वीकृत, तो वितरण अनिवार्य, उपायुक्त ने बैंकों को दी सख्त चेतावनी
बैंकिंग कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, उपायुक्त डॉ दहिया का दो टूक संदेश
जिला स्तरीय बैंक समीक्षा बैठक में उपायुक्त सख्त, पेंडेंसी पर जीरो टॉलरेंस।
रिजर्व बैंक द्वारा जारी दिशा निर्देशों का सख्ती से पालन करें सभी बैंक अधिकारी
BOL PANIPAT , 27 मार्च। उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया की अध्यक्षता में जिला सचिवालय के सभागार में शुक्रवार को 124वीं जिला स्तरीय समीक्षा समिति एवं 144वीं जिला परामर्शदात्री समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में बैंकिंग योजनाओं, ऋण वितरण और सरकारी योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। बैठक में उपायुक्त ने मुख्य रूप से मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना पर बल दिया।
उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र दहिया ने बैंकों द्वारा लंबित मामलों पर कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब किसी भी प्रकार की पेंडेंसी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपायुक्त डॉ दहिया ने निर्देश दिए कि जिन लाभार्थियों के ऋण स्वीकृत हो चुके हैं, उनका तत्काल वितरण सुनिश्चित किया जाए।
डॉ. दहिया ने चेतावनी देते हुए कहा कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले बैंक अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, आवश्यकता पड़ी तो एफआईआर तक दर्ज कराई जा सकती है। उपायुक्त डॉ दहिया ने सभी बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्वयं समीक्षा करें और लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करें। बैठक में उपायुक्त ने कहा कि सरकार की मंशा है कि पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे। बैंकों की ढिलाई से योजनाओं का उद्देश्य प्रभावित होता है, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला में प्राथमिकता क्षेत्र ऋण, कृषि ऋण, एमएसएमई, सरकारी प्रायोजित योजनाओं, पीएम मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि, पीएमएमवाई, जनधन योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित विभागों और बैंकों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि आगामी बैठकों में गैर-हाजिर रहने वाले अधिकारियों और कार्य में शिथिलता बरतने वालों से जवाब-तलब किया जाएगा। बैठक में एलडीएम राजकुमार, रिजर्व बैंक एलडीओ प्राची सिंह, नाबार्ड, आरसीटी डी निरंजन, डीपीएम मुंतजर आलम, लीड बैंक अधिकारी, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Comments