Sunday, October 11, 2026
Newspaper and Magzine


साइबर अपराध, नशा और सामाजिक सुरक्षा की चुनौतियों पर विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at October 11, 2026 Tags: , , , ,

देशबंधु गुप्ता राजकीय महाविद्यालय में क्विज प्रतियोगिता, 58 विद्यार्थियों ने लिया भाग

BOL PANIPAT , 11 अक्टूबर। देशबंधु गुप्ता राजकीय महाविद्यालय में समाजशास्त्र एवं इतिहास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में “21वीं सदी का युवा: साइबर अपराध, नशा एवं सामाजिक सुरक्षा की चुनौतियां” विषय पर क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बीसीए, बीबीए, समाजशास्त्र एवं इतिहास विषयों के 58 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के लिए समाजशास्त्र विभाग के प्राध्यापक तकदीर सिंह ने विद्यार्थियों की 19 टीमों का गठन किया।
समाजशास्त्र विभाग के प्राध्यापक तकदीर सिंह ने बताया कि शनिवार को आयोजित इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को बाल अपराध एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध, डिजिटल गिरफ्तारी के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी, नशामुक्ति तथा एचआईवी/एड्स जैसी समकालीन सामाजिक चुनौतियों के प्रति जागरूक करना था। इसके माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक चिंतन, कानूनी जागरूकता, सामाजिक संवेदनशीलता और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने का प्रयास किया गया। साथ ही, विद्यार्थियों को सामाजिक समस्याओं के व्यक्तिगत एवं सामूहिक प्रभावों को समझने तथा सुरक्षित, स्वस्थ और उत्तरदायी समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. रीना ने विद्यार्थियों को क्विज प्रतियोगिता के महत्व एवं नियमावली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास, ज्ञानवर्धन तथा समसामयिक सामाजिक विषयों की समझ विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार राशि एवं प्रमाण-पत्र प्रदान करते हुए डॉ. नरेश ढांडा ने कहा कि यह प्रतियोगिता केवल विद्यार्थियों के ज्ञान का परीक्षण करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें सामाजिक समस्याओं की पहचान करने, उनके कारणों का विश्लेषण करने और उनके समाधान में अपनी भूमिका समझने का अवसर भी प्रदान करती है। इस प्रकार के आयोजन ज्ञान, जागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व के बीच एक सार्थक सेतु का कार्य करते हैं।
सानिया, खुशी और वैष्णवी की टीम रही प्रथम
प्रतियोगिता में सानिया (बीए प्रथम वर्ष), खुशी (बीए प्रथम वर्ष) और वैष्णवी (बीए द्वितीय वर्ष) की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मोनिका (बीसीए प्रथम वर्ष), नीति (बीसीए प्रथम वर्ष) और काजल (बीबीए प्रथम वर्ष) की टीम द्वितीय स्थान पर रही। वहीं, सारिका, टीना और सौरव कुमार की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में समाजशास्त्र विभाग के प्राध्यापक तकदीर सिंह ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी प्राध्यापकों एवं स्टाफ सदस्यों का आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को समकालीन सामाजिक समस्याओं के प्रति जागरूक होने और जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाने की प्रेरणा मिली।

Comments


Leave a Reply