Thursday, July 16, 2026
Newspaper and Magzine


जनता समाधान शिविर में 35 शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at March 30, 2026 Tags: , , , , ,

प्रशासन का सख्त रुख: हर समस्या का समयबद्ध समाधान होगा सुनिश्चित

राशन कार्ड, पेंशन व फैमिली आईडी मामलों में तेजी लाने के आदेश

शिविर नहीं, समाधान की गारंटी है यह मंच

BOL PANIPAT, 30 मार्च। हरियाणा सरकार के निर्देशों के तहत जिला सचिवालय सभागार में आयोजित जनता समाधान शिविर आमजन के लिए उम्मीद और विश्वास का मजबूत मंच बनकर उभर रहा है। सोमवार को आयोजित शिविर में एसडीएम मनदीप कुमार ने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट, सख्त और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

शिविर में कुल 35 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें मुख्य रूप से फैमिली आईडी में आय संशोधन, पेंशन, राशन कार्ड, फार्मर आईडी और पुलिस से जुड़े मामले शामिल रहे। अधिकारियों ने मौके पर ही कई मामलों का समाधान किया, जबकि शेष शिकायतों को तय समय सीमा में निपटाने के निर्देश दिए गए।

एसडीएम मनदीप कुमार ने कहा कि जनता समाधान शिविर महज औपचारिकता नहीं, बल्कि प्रशासन की जवाबदेही और प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी शिकायत में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि हर शिकायत का निर्धारित समय सीमा में समाधान होना अनिवार्य है। आमजन को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। शिविर में आई हर समस्या का परिणाम दिखना चाहिए, केवल कागजी कार्रवाई नहीं।

  नगर निगम के संयुक्त आयुक्त डॉ. संजय ने कहा कि पानी, सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम से संबंधित किसी भी शिकायत को हल्के में नहीं लिया जाएगा। प्रत्येक समस्या का जमीनी स्तर पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा और तय समय सीमा में परिणाम देना हमारी जिम्मेदारी है। जनता को वास्तविक राहत देना ही हमारा लक्ष्य है।

पुलिस उपअधीक्षक नरेंद्र कादियान ने कानून- व्यवस्था से जुड़े मामलों पर सख्ती का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। नशे और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। शिविर में प्राप्त हर शिकायत पर तुरंत जांच कर प्रभावी कदम उठाए जाएंगे, ताकि लोगों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हो।

शिविर में विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। सुमन ने राशन कार्ड बनवाने की मांग की। राजबाला (प्रकाश नगर) ने मकान पर कब्जा और बिजली के दुरुपयोग की शिकायत दी। छिछड़ाना गांव के लोगों ने अवैध कब्जा हटाने और तालाब में पानी भरवाने की मांग की।

यशपाल ने नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई की अपील की। इस दौरान एलडीएम राजकुमार, डिप्टी सीएमओ डॉ. दिव्या साहनी, सीएम विंडो एमिनेंट पर्सन सुरेंद्र जोगी, पुलिस कंप्लेंड अधिकारी सुरेश सरोहा, महेश त्यागी, संजीव शर्मा, जोगिंदर , रमेश सहित कोच सुषमा और  विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाई।

  विदित रहे की जनता समाधान शिविर अब सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रशासन और आमजन के बीच भरोसे का मजबूत सेतु बनता जा रहा है, जहां समस्याओं को सुनने के साथ-साथ उनका प्रभावी समाधान भी सुनिश्चित किया जा रहा है।

Comments