Saturday, June 6, 2026
Newspaper and Magzine


विद्यालय प्रवेशोत्सव पर पौधारोपण. छात्राओं ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश.

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at April 1, 2026 Tags: , , , ,

जलवायु संकट से बचाव का एक ही उपाय—अधिक से अधिक पौधे लगाएं: डॉ. हितेश चंद शर्मा

BOL PANIPAT , 1 अप्रैल। जिले के छाजपुर स्थित आरोही स्कूल के गर्ल्स हॉस्टल परिसर में विद्यालय प्रवेशोत्सव के अवसर पर पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान संतरा, आम, कटहल सहित विभिन्न फलदार एवं उपयोगी पौधे लगाए गए। कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरणविद् डॉ. हितेश चंद शर्मा ने किया, जबकि विद्यालय की प्रधानाचार्य हेमलता बाल्यान, शिक्षकगण एवं छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर डॉ. हितेश चंद शर्मा ने कहा कि पौधारोपण आज के समाज की प्रमुख आवश्यकताओं में से एक है, जो प्रदूषण से मुक्ति दिलाने में अत्यंत कारगर साबित होता है। उन्होंने बताया कि जलवायु परिवर्तन के कारण असमय वर्षा, सूखा तथा तापमान में निरंतर बढ़ोतरी देखने को मिल रही है, जिसका मुख्य कारण वन क्षेत्र की घटती संख्या है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आना होगा।
प्रधानाचार्य हेमलता बाल्यान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मानव कल्याण के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बच्चों को अपने जीवन में आम, पीपल, बिल्वपत्र, रुद्राक्ष, नीम और बरगद जैसे पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान भविष्य पुराण का उल्लेख करते हुए बताया गया कि भगवान श्री कृष्ण ने इसमें कहा है कि जो व्यक्ति पौधे लगाता है, वह उत्तम पुण्य प्राप्त करता है और जन्म-मरण के बंधन से मुक्त होकर मोक्ष को प्राप्त करता है। इस संदेश से प्रेरणा लेते हुए सभी से जीवन में कम से कम आठ पौधे लगाने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर मंजू, दलबीर, नेहा, प्रीति सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

Comments