आई.बी.(पी.जी.)कॉलेज, पानीपत के विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय नशा मुक्ति प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
BOL PANIPAT : आई.बी.(पी.जी.)कॉलेज, पानीपत के विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय नशा मुक्ति प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर कॉलेज का नाम गौरवान्वित किया। डी.बी.जी. गवर्नमेंट कॉलेज, पानीपत में आयोजित जिला स्तरीय नशा मुक्ति (ड्रग जागरूकता) प्रतियोगिताओं में आई.बी. (पी.जी.) कॉलेज, पानीपत के विद्यार्थियों ने अजय पाल सिंह के निर्देशन में यूथ अगेंस्ट ड्रग्स क्लब के माध्यम से भाग लेते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कॉलेज की बी.बी.ए. अंतिम वर्ष की छात्रा इशमीत कौर ने स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि एम.कॉम. अंतिम वर्ष के छात्र सुमित आनंद ने पावरपॉइंट प्रस्तुति प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि के लिए दोनों विद्यार्थियों को हरियाणा सरकार की ओर से ₹2000-₹2000 की नकद पुरस्कार राशि, प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी (सम्मान चिन्ह) प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता से लौटने के पश्चात कॉलेज पहुंचने पर प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह एवं अजय पाल सिंह (संयोजक, यूथ अगेंस्ट ड्रग्स क्लब) तथा कॉलेज के सभी प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने उनका स्वागत करते हुए उन्हें इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी और भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि “इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं में जागरूकता लाने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास में भी सहायक होती हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि “ऐसी उपलब्धियां कॉलेज की शैक्षणिक एवं नैतिक उत्कृष्टता को दर्शाती हैं।” वहीं अजय पाल सिंह ने कहा कि “नशा मुक्ति अभियान में युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है और हमें इस दिशा में निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए।” उन्होंने यह भी कहा कि “युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करना ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।”
इस अवसर पर डॉ. निधान सिंह (अध्यक्ष, वनस्पति विज्ञान विभाग), डॉ. विक्रम कुमार (अध्यक्ष, रसायन विज्ञान विभाग), प्रो. पवन कुमार (अध्यक्ष, प्राणी विज्ञान विभाग), डॉ. सुनित शर्मा (अध्यक्ष, वाणिज्य विभाग), प्रो. अजय पाल सिंह, डॉ. शर्मिला यादव, डॉ. निर्मला, सहायक प्राध्यापक अश्विनी गुप्ता, सहायक प्राध्यापक राहुल कुमार, लिपिक ममता व सेवदार मदन सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
कॉलेज परिवार ने विजेता विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Comments