आत्मनिर्भर पंचायतों से ही साकार होगा विकसित भारत: डॉ. किरण सिंह
राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर जिला स्तरीय बैठक
पंचायतों को दिए गए सशक्तिकरण के निर्देश
BOL PANIPAT , 24 अप्रैल। राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर जिला सचिवालय स्थित सभागार में जिला स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. किरण सिंह ने की। इस अवसर पर डॉ. किरण सिंह ने कहा कि ‘आत्मनिर्भर पंचायत’ का विजन ही ‘विकसित भारत’ की आधारशिला बनेगा। उन्होंने पंचायतों को उनके प्रदर्शन के आधार पर फ्रंट रनर (75-90) और अचीवर (90+) श्रेणियों में बेहतर स्कोर हासिल करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने आगामी राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कारों में जिला पानीपत की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में ‘पंचायत उन्नति सूचकांक’ के अंतर्गत पंचायतों के प्रदर्शन में सुधार, महिला नेतृत्व को मजबूत करने और सतत विकास लक्ष्यों के स्थानीयकरण पर विस्तार से चर्चा की गई। पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उनके स्वयं के राजस्व स्रोत बढ़ाने की रणनीतियों पर भी विचार-विमर्श हुआ। तकनीकी सशक्तिकरण के तहत पंचायतों को पारदर्शिता और बेहतर रिकॉर्ड प्रबंधन के लिए ‘सभासार पोर्टल’ के अनिवार्य उपयोग तथा संरचित बैठक विवरण तैयार करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त, विभिन्न सरकारी योजनाओं के बीच बेहतर तालमेल (कन्वर्जेंस) स्थापित कर विकास कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। बैठक में आरजीएसए स्कीम की जिला परियोजना प्रबंधक अंजू शर्मा, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजेश शर्मा, अधीक्षक सुदेश, वरिष्ठमान आशुलिपिक कृष्ण कुमार, मनरेगा कार्यक्रम अधिकारी रणसिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Comments