न्याय की राह पर सरकार: हर शिकायत का होगा समाधान: मंत्री कृष्ण कुमार
जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में 12 मामलों पर सुनवाई, 5 का मौके पर निपटारा
जमीन, बैंक व धोखाधड़ी मामलों पर सख्त रुख, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश
उपायुक्त ने मंत्री का बुके देकर अभिनंदन किया
किसी के साथ अन्याय नहीं, हर व्यक्ति को मिलेगा न्याय
BOL PANIPAT , 28 अप्रैल। जिला सचिवालय के द्वितीय तल स्थित कांफ्रेंस हॉल में मंगलवार को जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता हरियाणा के सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय (सेवाएं) मंत्री श्री कृष्ण कुमार ने की। बैठक में समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित समाधान पर जोर दिया गया। बैठक में कुल 12 शिकायतें प्रस्तुत की गईं, जिनमें से 5 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि 7 शिकायतों को अगली बैठक के लिए लंबित रखा गया। सभी शिकायतकर्ताओं को अपनी बात रखने का पूरा अवसर दिया गया और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में पहली शिकायत सुल्तान सिंह व अन्य निवासी टीडीआई सिटी द्वारा रखी गई, जिसमें कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाया गया। मंत्री ने संबंधित विभाग को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। दूसरी शिकायत गुलशन तलवार व अन्य द्वारा पाश्र्वनाथ कॉलोनी में जमीन व बुनियादी सुविधाओं से संबंधित थी, जिसे अगली बैठक के लिए लंबित रखा गया। तीसरी शिकायत जोगिंदर मलिक द्वारा संपदा अधिकारी, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण से संबंधित थी, जिसमें प्लॉट आवंटन का मामला था। इस पर मंत्री ने मौके पर ही समाधान किया।

चौथी शिकायत प्रवीण मदान, निवासी लक्ष्मी नगर द्वारा भूमि अधिग्रहण व रास्ते की समस्या को लेकर रखी गई, जिसका मौके पर समाधान किया गया। पांचवीं शिकायत रणधीर सिंह, नई अनाज मंडी समालखा द्वारा बैंक से संबंधित थी, जिसमें अधिकारियों को 10 दिन के भीतर कार्रवाई के निर्देश देते हुए इसे लंबित रखा गया। छठी शिकायत मयंक मित्तल द्वारा व्यवसायिक विवाद से संबंधित थी, जिस पर कार्रवाई के निर्देश देते हुए अगली बैठक तक लंबित रखा गया। सातवीं शिकायत जगदीश पाल द्वारा जमीन विवाद को लेकर रखी गई, जिसका मौके पर समाधान किया गया। आठवीं शिकायत लहना सिंह द्वारा बैंक लोन से संबंधित थी, जिसका भी मौके पर समाधान किया गया।
नौवीं शिकायत प्रदीप द्वारा पुलिस विभाग से संबंधित थी, जिसमें मंत्री ने दोनों पक्षों को बैठाकर समाधान करने के निर्देश दिए। इसका भी मौके पर समाधान किया गया। दसवीं शिकायत रोहतास कुमार द्वारा जमीन खरीद विवाद को लेकर रखी गई, जिस पर सुनवाई करते हुए मौके पर समाधान किया गया। ग्यारहवीं शिकायत सुरेश वर्मा व दीपक शर्मा द्वारा प्लॉटों में धोखाधड़ी से संबंधित थी, जिसे गंभीरता से सुनते हुए अगली बैठक के लिए लंबित रखा गया। बारहवीं शिकायत, जो एक नई शिकायत थी, जो जमीन से जुड़े भुगतान विवाद से संबंधित थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसके साथ धोखाधड़ी व जालसाजी कर उसकी रकम हड़प ली गई। मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए और शिकायत का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री कृष्ण कुमार ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक व्यक्ति को न्याय दिलाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी नागरिक के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा तथा हर शिकायत को पूरी गंभीरता से सुनकर उसका निष्पक्ष और समयबद्ध समाधान किया जाएगा। उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने मंत्री को आश्वस्त किया कि सभी शिकायतों के समाधान में देरी नहीं होगी और उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर लागू किया जाएगा। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह, नगर निगम आयुक्त पंकज, भाजपा जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट, सांसद प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जिला कष्ट निवारण समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Comments