जनगणना 2027 के पहले चरण के तहत जिला में 1 मई से मकान सूचीकरण का कार्य शुरू
BOL PANIPAT : 6 मई। जनगणना 2027 के पहले चरण के तहत जिला में 1 मई से मकान सूचीकरण का कार्य शुरू हो गया है। इस दौरान घर-घर पहुंचकर परिवारों से 33 महत्वपूर्ण सवालों की जानकारी जुटाई जाएगी। यह कार्य आगामी 30 मई तक संचालित किया जाएगा। जिलाभर में जनगणना कार्य में लगे कर्मचारी लग्न के साथ कार्य में जुटे हुए हैं। डीसी एवं प्रधान जनगणना अधिकारी डॉ विरेंदर कुमार दहिया ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जनगणना का उद्देश्य देश की जनसंख्या, सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति से संबंधित अद्यतन आंकड़े संकलित करना है, जिससे विकास योजनाओं के निर्माण एवं क्रियान्वयन में सहायता मिलेगी। जिला पानीपत में मकान सूचीकरण का कार्य किया जा रहा है, जहां घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित की जाएगी। इसके लिए प्रगणकों की नियुक्ति की गई है, जो सीधे नागरिकों से संपर्क कर आवश्यक जानकारी जुटाएंगे। वहीं, इन कार्यों की निगरानी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए पर्यवेक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
33 सवालों के जवाब होंगे दर्ज
डीसी डॉ विरेंदर कुमार दहिया ने बताया कि जनगणना के दौरान गणना कर्ता को कोई दस्तावेज दिखाने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने बताया कि प्रगणकों द्वारा नागरिकों से मकान की स्थिति, परिवार के सदस्यों की संख्या, परिवार प्रमुख का नाम, पेयजल सुविधा, बिजली कनेक्शन, शौचालय एवं बाथरूम की उपलब्धता, गैस कनेक्शन, रेडियो/टीवी, केबल सुविधा, वाहन जैसे साइकिल, मोटरसाइकिल एवं कार, परिवार द्वारा उपयोग किए जाने वाले मुख्य अनाज तथा मोबाइल नंबर जैसी सामान्य जानकारी ली जाएगी।
डीसी ने पानीपत के नागरिकों से अपील की है कि वे जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों का सहयोग करें और सही जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि यह महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि जानकारी देते समय सजग रहें। गणनाकर्ता द्वारा आधार कार्ड नंबर, पैन कार्ड नंबर, बैंक खाता विवरण या किसी भी प्रकार की ओटीपी की जानकारी नहीं पूछी जाएगी।

Comments