4 माह से अधिक आयु के सभी गौवंश एवं भैंसवंश पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा : डॉ. योगिता
BOL PANIPAT : प्रदेश में मुंहखुर एवं गलघोटू रोगों के टीकाकरण अभियान का शुभारंभ होने जा रहा है। यह अभियान एक माह तक संचालित किया जाएगा। गांव बबेल के अंतर्गत आने वाले गांव गढ़सनाई, खोतपुरा, चंदौली, पलहेरी, बराना एवं सिकलीगढ़ में पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा उपनिदेशक डॉ. संजय अंटिल एवं उपमंडल अधिकारी डॉ. श्रीभगवान के दिशा-निर्देशन में टीकाकरण कार्य किया जाएगा।

पशु चिकित्सक बबेल डॉ. योगिता ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान के अंतर्गत 4 माह से अधिक आयु के सभी गौवंश एवं भैंसवंश पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा। इस बार टीकाकरण के साथ-साथ पशुपालकों से ओटीपी सत्यापन भी किया जाएगा। इसके लिए पशुपालकों का आधार कार्ड एवं मोबाइल नंबर आवश्यक होगा तथा ओटीपी प्रदान करना अनिवार्य रहेगा।
यह अभियान पूरे प्रदेश में 11 मई से 11 जून तक चलाया जाएगा। उन्होंने सभी पशुपालकों से अपील की है कि टीकाकरण कार्य के दौरान विभागीय टीम को पूर्ण सहयोग प्रदान करें।

Comments