अधिकारी जन शिकायतों का निपटारा संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ करे: उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया
जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की प्राथमिकता
पुलिस कर रही पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य: पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह
जनता समाधान शिविर में 15 शिकायतें दर्ज, अधिकारियों ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश
राशन कार्ड, पेंशन और कई अन्य विभागों से संबंधित शिकायतों की लेकर पहुंचे फरियादी
BOL PANIPAT , 11 मई। हरियाणा सरकार के महत्वपूर्ण कार्यक्रम जनता समाधान शिविर का आयोजन सोमवार को जिला सचिवालय सभागार में किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों से जुड़ी 15 शिकायतें दर्ज हुईं। उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने कहा कि सरकार का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर जल्द समाधान किया जाए ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने कहा कि जनता समाधान शिविर सरकार और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का माध्यम है। हमारी कोशिश है कि हर व्यक्ति की समस्या को गंभीरता से सुनकर उसका समयबद्ध समाधान किया जाए। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि शिकायतों का निपटारा संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ करें।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है। आमजन की सुरक्षा और उनकी समस्याओं का समाधान हमारी प्राथमिकता है। लोगों का पुलिस पर विश्वास मजबूत हो, इसके लिए पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य किया जा रहा है।
सीईओ डॉ किरण ने कहा कि जनता समाधान शिविर ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रहे हैं। विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपस्थित रहकर समस्याओं का समाधान कर रहे हैं, जिससे लोगों को राहत मिल रही है।
नगराधीश टीनू पोसवाल ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि हर शिकायत का निपटारा निष्पक्ष और तय समय सीमा में हो। शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याएं सीधे सुनने और मौके पर समाधान करने का बेहतर अवसर मिलता है। डीडीपीओ राजेश शर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लिया जा रहा है। पंचायत स्तर की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इस मौके पर विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों की सुनवाई करते हुए उपायुक्त ने जल्द से जल्द समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
इस दौरान प्रार्थी सोना देवी ने राशन कार्ड बनवाने के लिए प्रशासन से अनुरोध किया। समाधान शिविर में शिकायत लेकर पहुंची नेहा ने विधवा पेंशन बनवाने के लिए प्रशासन से गुहार लगाई। वहीं प्रार्थी प्रवीण ने राशन कार्ड की त्रुटियां ठीक करवाने और मुकेश रानी ने बीमारी को लेकर दवाइयां उपलब्ध करवाने की मांग प्रशासन के समक्ष रखी। इस अवसर पर डीएसपी सतीश वत्स, सीएमओ विजय मलिक, डीडीपीओ राजेश शर्मा, पुलिस कंप्लेंड अधिकारी सुरेश सरोहा, संजीव शर्मा, जोगिंदर, रमेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं शिकायतकर्ता मौजूद रहे।

Comments