इंडोनेशिया में गूंजा आर्य कॉलेज के गौतम का डंका
⁃ इंटरनेशनल साइक्लिंग ट्रैक कप में जीते तीन पदक, कॉलेज में भव्य स्वागत
BOL PANIPAT – मंगलवार 12 मई 2027, खेल की दुनिया से पानीपत के लिए एक और गौरवशाली खबर सामने आई है। आर्य कॉलेज के बीए तृतीय वर्ष के छात्र गौतम ने सात समंदर पार इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में आयोजित इंटरनेशनल साइक्लिंग ट्रैक कप 1 और 2 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी स्वर्णिम सफलता की छाप छोड़ी है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता का परचम लहराकर वापस लौटे खिलाड़ी गौतम का आज कॉलेज पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। कॉलेज की उपाचार्या डॉ. अनुराधा सिंह ने पुष्पगुच्छ देकर और मिठाई खिलाकर गौतम का अभिनंदन किया।
कॉलेज प्रबंधक समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र शिंगला ने अपने बधाई संदेश में कहा की आर्य कॉलेज हमेशा से ही शिक्षा, खेल- कूद और सांस्कृतिक गतिविधियों के क्षेत्र में भी पानीपत और अपने देश का नाम रोशन कर रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे होनहार छात्र गौतम ने जकार्ता में तीन-तीन पदक जीतकर यह सिद्ध कर दिया है कि पानीपत की मिट्टी में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। प्रबंधक समिति की ओर से मैं गौतम, उनके परिवार और उनके प्रशिक्षकों को इस ऐतिहासिक जीत की बधाई देता हूँ। भविष्य के अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के लिए हमारी शुभकामनाएं सदैव उनके साथ हैं।
कॉलेज की उपाचार्या डॉ. अनुराधा सिंह बताया की जकार्ता में 28 अप्रैल 2026 से 3 मई 2026 तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में गौतम का प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने अपनी खेल कुशलता दिखाते हुए ट्रैक कप 2 की टीम प्रस्यूट प्रतियोगिता में रजत पदक और टीम स्प्रिंट में कांस्य पदक प्राप्त किया। वहीं ट्रैक कप 1 टीम प्रस्यूट में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। उन्होंने कहा कि गौतम की यह उपलब्धि केवल आर्य कॉलेज ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। एक छात्र का पढ़ाई के साथ-साथ खेल के मैदान में अंतरराष्ट्रीय फलक पर तिरंगा लहराना यह दर्शाता है कि संकल्प और अनुशासन से कुछ भी हासिल किया जा सकता है। हम गौतम के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं और कॉलेज प्रशासन हर संभव सहायता प्रदान करेगा ताकि वह ओलंपिक जैसे मंचों पर भी देश का नाम रोशन करे।उन्होंने इस शानदार जीत का के अवसर पर कॉलेज के शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश तूर्ण और उनके विभाग के प्राध्यापकों और कोच को बधाई दी।
इस अवसर पर डॉ. राजेंद्र देशवाल, डॉ. दिनेश गाहल्याण, राजा तोमर समेत कॉलेज के अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

Comments