Saturday, May 16, 2026
Newspaper and Magzine


जिला जेल में डीएसजे का औचक निरीक्षण, कैदियों की समस्याएं सुनीं

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at May 16, 2026 Tags: , , , , ,

जेल की बैरकों से रसोई तक जांच, अदालतों की व्यवस्था भी परखी गई

डीएलएसए टीम की बड़ी कार्रवाई, जेल और समालखा कोर्ट परिसर का लिया जायजा

स्वच्छता, स्वास्थ्य और न्यायिक सेवाओं पर फोकस, अधिकारियों ने दिए जरूरी निर्देश

BOL PANIPAT , 16 मई। हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, पंचकूला के तत्वावधान में जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) पानीपत वाणी गोपाल शर्मा तथा मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-सह-सचिव, डीएलएसए पानीपत वर्षा शर्मा ने जिला जेल पानीपत का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने जेल की विभिन्न वार्डों का दौरा किया, जिनमें मेडिकल वार्ड, जनरल वार्ड और महिला वार्ड शामिल रहे। इस दौरान बैरकों की स्थिति, स्वच्छता व्यवस्था तथा जेल परिसर के रखरखाव का बारीकी से निरीक्षण किया गया। साथ ही मेडिकल स्टॉक और मेडिकल रिकॉर्ड रजिस्टर की भी गहन जांच की गई, ताकि कैदियों के लिए दवाइयों की उपलब्धता और स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड का सही रखरखाव सुनिश्चित किया जा सके।
जेल की रसोई का भी निरीक्षण किया गया, जहां कैदियों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और रसोई क्षेत्र में बनाए रखी जा रही साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने जेल प्रशासन को स्वच्छता बनाए रखने तथा कैदियों के स्वास्थ्य और कल्याण संबंधी सुविधाओं को बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कैदियों से संवाद भी किया और उनकी समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना। कैदियों की शिकायतों के त्वरित समाधान तथा कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जेल प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
इसके अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुश्री वाणी गोपाल शर्मा और सीजेएम-सह-सचिव डीएलएसए वर्षा शर्मा ने उपमंडल समालखा का दौरा कर न्यायालयों के कार्य संचालन का भी निरीक्षण किया। इस दौरान कोर्ट परिसर की साफ-सफाई, आधारभूत संरचना, न्यायिक कार्यप्रणाली और आम जनता को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने अदालतों के सुचारू संचालन तथा वादकारियों और आमजन को बेहतर सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए। इस मौके पर जेल अधीक्षक संजीव कुमार के अलावा स्टाफ के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Comments


Leave a Reply