जियो गीता महिला मंडल और कृष्ण कृपा सेवा समिति ने दिखाया ‘श्री कृष्ण अवतारम’ मूवी शो.
दिव्यांग (मूक-बधिर) बच्चों के लिए एक विशेष धार्मिक मूवी शो का आयोजन किया
BOL PANIPAT । जियो गीता महिला मंडल पानीपत एवं श्री कृष्ण कृपा सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में आज दिव्यांग (मूक-बधिर) बच्चों के लिए एक विशेष धार्मिक मूवी शो का आयोजन किया गया। स्थानीय पीवीआर (PVR) सिनेमा में आयोजित इस शो के दौरान बच्चों को ‘श्री कृष्ण अवतारम’ फिल्म दिखाई गई। जो बच्चे सुन और बोल नहीं सकते थे, उन्होंने अपनी आँखों से इस पावन चलचित्र को देखकर इसका भरपूर आनंद लिया। बच्चों के चेहरों की चमक और अनोखी खुशी को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो स्वयं भगवान श्री कृष्ण उनकी मुस्कान और आँखों में बस गए हों।
इस सेवामयी अवसर पर बच्चों के लिए केवल सिनेमा की ही व्यवस्था नहीं थी, बल्कि जियो गीता परिवार की ओर से उन्हें सुरुचिपूर्ण भोजन और स्नैक्स भी परोसे गए। बच्चों ने बड़े चाव से इसका आनंद लिया और पूरी टीम को अपनी मूक दुआएं दीं।
पूजनीय स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज के जन्मोत्सव मास पर नई शाखा का गठन:
गीता मनीषी, महामंडलेश्वर पूजनीय स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज के पावन जन्मोत्सव मास के उपलक्ष्य में इस शुभ अवसर पर एक नए ‘जियो गीता महिला मंडल, शिव शक्ति अंसल, पानीपत’ का विधिवत गठन भी किया गया।
इस पूरे पुनीत कार्य में शिव शक्ति मंदिर अंसल से जुड़े प्रबुद्ध भाइयों और सदस्यों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और जियो गीता महिला मंडल व श्री कृष्ण कृपा सेवा समिति के साथ कंधे से कंधा मिलाकर अपना पूर्ण सहयोग दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में महिला मंडल की सभी सम्मानित सदस्याओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और बच्चों की पूरे वात्सल्य भाव से सेवा की।

Comments