आर्य कॉलेज के स्वयं सेवकों ने पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
BOL PANIPAT – मंगलवार, 19 मई 2026, आर्य पीजी कॉलेज, पानीपत की एनएसएस इकाई द्वारा को मिशन लाइफ के अंतर्गत विश्व पर्यावरण दिवस पूर्व अभियान गतिविधियों के तहत एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।
रैली के दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों ने “सेव वाटर, सेव लाइफ” तथा “पेड़ लगाओ, पर्यावरण बचाओ” जैसे जागरूकता नारों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कॉलेज के प्राचार्य ने कहा कि कॉलेज की एनएसएस इकाइयाँ प्रत्येक वर्ष वृक्षारोपण अभियान तथा प्लास्टिक एवं पॉलीथीन के उपयोग के विरुद्ध जागरूकता अभियान चलाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी आस्था गुप्ता ने कहा कि हमें प्रकृति के प्रति जागरूक होने की आवश्यकता है। हमें प्रकृति से प्रेम करना चाहिए तथा उसके प्रति संवेदनशील होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनीषा ढुढेजा ने बताया कि यह रैली विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मिशन लाइफ की पूर्व अभियान गतिविधियों के अंतर्गत आयोजित की गई। डॉ. मनीषा ने बताया कि 15 मई से 5 जून तक पर्यावरण जागरूकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
प्राध्यापक पंकज चौधरी ने कहा कि वर्तमान समय में ग्लोबल वार्मिंग लगातार बढ़ रही है, जिससे प्रकृति का संतुलन बिगड़ रहा है। ऐसे कार्यक्रम प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Comments