पोलियो मुक्त देश की सुरक्षा के लिए सभी विभाग मिलकर करें कार्य: अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे
28 जून को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान, पांच वर्ष तक के हर बच्चे को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
हाई रिस्क क्षेत्रों पर रहेगा विशेष फोकस, ईंट-भट्टों, झुग्गी बस्तियों और प्रवासी परिवारों तक पहुंचेगी टीमें
अधिकारियों को जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश, अभियान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त
BOL PANIPAT , 11 जून। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान-2026 की तैयारियों को लेकर जिला सचिवालय में वीरवार को आयोजित बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में 28 जून को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस (नेशनल इम्यूनाइजेशन डे) के सफल संचालन, व्यापक जनजागरूकता तथा शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने कहा कि देश कौनपोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए प्रत्येक विभाग और अधिकारी की जिम्मेदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता, सजगता और जवाबदेही के साथ करें ताकि अभियान के दौरान कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा तैयार की गई माइक्रो प्लानिंग के अनुसार सभी संवेदनशील और हाई रिस्क क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जाएगा। ईंट-भट्टों, झुग्गी-झोपड़ी बस्तियों, निर्माण स्थलों, घुमंतू परिवारों तथा प्रवासी मजदूरों के बच्चों तक पोलियो की दवा पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इसके अलावा नवजात शिशुओं की पहचान कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। बैठक में सीएमओ विजय मलिक ने बताया कि पोलियो उन्मूलन कार्यक्रम के तहत उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। सेक्टर-29 इंडस्ट्रियल एरिया, सिवाह, रिसालू रोड, डाडोला रोड, पसिना खुर्द, पसिना कलां, कबड़ी सहित विभिन्न औद्योगिक और स्लम क्षेत्रों में विशेष टीमें तैनात की जाएंगी। वहीं सेक्टर-25 कृष्णा गार्डन, हाली कॉलोनी, घोसली, माईजी कॉलोनी, ईदगाह कॉलोनी तथा बापौली क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में भी विशेष फोकस रखा जाएगा।
बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग को आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से लाभार्थियों का डाटा स्वास्थ्य विभाग के साथ साझा करने तथा घर-घर सर्वेक्षण एवं माइक्रो प्लान तैयार करने में सहयोग देने के निर्देश दिए गए। गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की जिम्मेदारी भी विभाग को सौंपी गई। अतिरिक्त उपायुक्त ने शहरी स्थानीय निकायों को अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने, जागरूकता गतिविधियां चलाने तथा स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
इसी कड़ी में शिक्षा विभाग को विद्यालयों में पोलियो बूथ स्थापित करने, अध्यापकों के माध्यम से अभिभावकों को जागरूक करने तथा टीकाकरण के प्रति हिचकिचाहट रखने वाले परिवारों को प्रेरित करने की जिम्मेदारी दी गई। जिला परिषद एवं विकास एवं पंचायत विभाग को ग्राम पंचायतों के माध्यम से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा गांवों में मुनादी करवाने के निर्देश दिए गए। बैठक में हरियाणा रोडवेज के बस स्टैंड और बसों में ट्रांजिट टीमें संचालित करने, बिजली विभाग को 25 जून से 30 जून तक वैक्सीन भंडारण केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को ईंट-भट्टों पर कार्यरत प्रवासी मजदूरों के बच्चों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने कहा कि पोलियो के खिलाफ यह केवल स्वास्थ्य विभाग का नहीं बल्कि पूरे समाज का अभियान है। सभी विभागों, सामाजिक संगठनों, धार्मिक संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से ही शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान की नियमित समीक्षा करें, फील्ड में सक्रिय निगरानी रखें तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मीडिया, सामाजिक संगठनों, रोटरी क्लब, आईएमए, आईएपी तथा धार्मिक नेताओं के सहयोग से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा ताकि प्रत्येक अभिभावक अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाए।
बैठक में एसडीएम समालखा अमित कुमार एसडीएम इसराना नवदीप, स्टेट ऑफिसर प्रतीक, निगम संयुक्त आयुक्त मनी त्यागी, सीईओ डॉ किरण, नगराधीश टीनू पोसवाल, डीईओ राकेश बूरा, डॉ नवनीत, डॉक्टर सोहन के अलावा विभिन्न विभागों से अधिकारी मौजूद रहे।

Comments