Thursday, June 25, 2026
Newspaper and Magzine


राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में पानीपत के खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन. एनवी आर्चरी अकादमी ने जीते स्वर्ण, रजत व कांस्य पदक.

By LALIT SHARMA , in SPORTS , at June 23, 2026 Tags: , , ,

BOL PANIPAT । उत्तराखंड के हरिद्वार में आयोजित चतुर्थ आरजेके गोल्ड मेडल ओपन राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप 2026 में पानीपत की एनवी आर्चरी अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया। प्रतियोगिता का आयोजन हरिद्वार तीरंदाजी एसोसिएशन एवं आरजेके फाउंडेशन के सहयोग से किया गया, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से सैकड़ों तीरंदाजों ने भाग लिया।

प्रतियोगिता में एनवी आर्चरी अकादमी की खिलाड़ी दृष्टि ने अंडर-10 रिकर्व राउंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं अंडर-15 कंपाउंड वर्ग में प्रियांशु ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। इसके अलावा अंडर-20 वर्ग में हर्षित ने बेहतरीन निशानेबाजी का परिचय देते हुए रजत पदक जीतकर अकादमी और जिले का मान बढ़ाया।

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर पानीपत जिला तीरंदाजी कोच नरेश्वर वशिष्ठ ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में पदक जीतना किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़ी उपलब्धि होती है और उनके खिलाड़ियों ने यह साबित कर दिया है कि पानीपत के युवा तीरंदाज किसी से कम नहीं हैं।

नरेश्वर वशिष्ठ ने कहा, “दृष्टि, प्रियांशु और हर्षित ने जिस आत्मविश्वास और समर्पण के साथ प्रदर्शन किया है, वह सराहनीय है। इन खिलाड़ियों ने न केवल एनवी आर्चरी अकादमी बल्कि पूरे पानीपत जिले का नाम राष्ट्रीय मंच पर रोशन किया है। हमें उम्मीद है कि आने वाले समय में ये खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश और देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।”

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर अभिभावकों, खेल प्रेमियों और तीरंदाजी जगत से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। अकादमी में भी खिलाड़ियों की सफलता को लेकर उत्साह और खुशी का माहौल है।

Comments


Leave a Reply