नशा तस्कर को 1 किलो 121 ग्राम गांजा सहित किया गिरफ्तार. बेचने की फिराक में घूम रहा था.
BOL PANIPAT , 24 जून : एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस टीम ने सेक्टर-24 स्थित उग्राखेड़ी मोड़ पर एक युवक को 1 किलो 121 ग्राम गांजा सहित गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान सेक्टर 24 झुग्गी झोपड़ी निवासी इरफान के रूप में हुई है।
एंटी नारकोटिक्स सेल इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि मंगलवार शाम उनकी टीम गश्त एवं जांच पड़ताल के दौरान थाना चांदनी बाग क्षेत्र में थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि सेक्टर 24 स्थित उग्राखेड़ी मोड़ पर एक युवक थैले में मादक पदार्थ लेकर बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर युवक को काबू किया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान इरफान पुत्र अनवर निवासी सेक्टर 24 झुग्गी, झोपड़ी के रूप में बताई। ड्यूटी मजिस्ट्रेट ईटीओ सतपाल की मौजूदगी में पुलिस ने युवक के बैग की तलाशी ली तो उसमें पॉलीथिन में पैक गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजा का वजन करने पर 1 किलो 121 ग्राम पाया गया।
इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि पूछताछ में आरोपी इरफान ने बताया शॉर्टकट तरीके से पैसे कमाने के लिए उसकी मां और भांजी ने उसे दो-तीन दिन पहले 2 किलो गांजा लाकर दिया था। जिसमें से उसने कुछ गांजा राह चलते अज्ञात नशा करने वालों को बेच दिया। मंगलवार को बचे 1 किलो 121 ग्राम गांजे को बेचने के लिए वह सेक्टर 24 स्थित उग्राखेड़ी मोड़ पर ग्राहक की फिराक में आया था।
पुलिस ने आरोपी इरफान के खिलाफ थाना चांदनी बाग में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर बुधवार को आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया गया।

Comments