Friday, June 26, 2026
Newspaper and Magzine


राजकीय कन्या महाविद्यालय डाहर में स्नातक प्रवेश प्रक्रिया तेज

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at June 26, 2026 Tags: , , , ,

30 जून तक ऑनलाइन पंजीकरण का अवसर

बी.ए. में 160 और बी.कॉम. में 80 सीटें उपलब्ध

10 जुलाई को जारी होगी पहली मेरिट सूची

BOL PANIPAT , 26 जून। राजकीय कन्या महाविद्यालय डाहर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी है। महाविद्यालय प्रशासन छात्राओं को समय रहते ऑनलाइन पंजीकरण कराने के लिए लगातार जागरूक कर रहा है, ताकि कोई भी पात्र छात्रा प्रवेश के अवसर से वंचित न रहे।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुभाषचंद्र जागलान एवं दाखिला समिति के समन्वयक ने बताया कि महाविद्यालय में बी.ए. प्रथम वर्ष के लिए 160 तथा बी.कॉम. प्रथम वर्ष के लिए 80 सीटें उपलब्ध हैं। प्रवेश प्रक्रिया उच्चतर शिक्षा निदेशालय की देखरेख में पूरी तरह ऑनलाइन संचालित की जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक 44 अभ्यर्थी उच्चतर शिक्षा निदेशालय के पोर्टल पर पंजीकरण कर अपनी पसंद के संकाय में ऑनलाइन आवेदन कर चुके हैं। छात्राओं की सुविधा के लिए प्रवेश संबंधी सभी आवश्यक जानकारी निदेशालय के पोर्टल पर उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त इच्छुक छात्राएं महाविद्यालय परिसर (सामुदायिक केंद्र, डाहर) में पहुंचकर भी प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित जानकारी और आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त कर सकती हैं।

उनके अनुसार ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 जून निर्धारित की गई है। इसके बाद 10 जुलाई को प्रथम वरीयता (मेरिट) सूची जारी की जाएगी, जबकि चयनित छात्राएं 15 जुलाई तक ऑनलाइन माध्यम से प्रवेश शुल्क जमा कर अपना दाखिला सुनिश्चित कर सकेंगी।

प्राचार्य डॉ. सुभाषचंद्र जागलान ने सभी इच्छुक छात्राओं से अपील की कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपना ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन प्रक्रिया पूरी करें, ताकि प्रवेश के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Comments


Leave a Reply