Tuesday, June 30, 2026
Newspaper and Magzine


लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता का सही पंजीकरण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at June 29, 2026 Tags: , , , , , ,

विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान ने पकड़ी रफ्तार, घर-घर पहुंच रहा प्रशासन

89.83 प्रतिशत गणना प्रपत्र वितरित, 1.76 लाख से अधिक प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूर्ण

शत-प्रतिशत त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा प्रशासन

BOL PANIPAT , 29 जून। विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत जिले में मतदाता सूची को पूर्णतः त्रुटिरहित, अद्यतन एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन युद्धस्तर पर कार्य कर रहा है। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ के नेतृत्व में अभियान लगातार गति पकड़ रहा है और निर्धारित लक्ष्य की दिशा में प्रभावी प्रगति दर्ज की जा रही है।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि जिले में कुल 9,66,687 मतदाता हैं तथा प्रति बीएलओ औसतन 1060 मतदाता निर्धारित हैं। सभी 9,66,687 गणना प्रपत्र प्रिंट किए जा चुके हैं, जिनमें से अब तक 8,68,355 (89.83 प्रतिशत) गणना प्रपत्र मतदाताओं तक वितरित किए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत अब तक 1,76,800 (18.29 प्रतिशत) गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन किया जा चुका है, जबकि 7,82,377 (80.93 प्रतिशत) प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन शेष है। इस अभियान की प्रगति की समीक्षा के लिए प्रत्येक दो घंटे में अद्यतन रिपोर्ट जारी की जा रही है।
उपायुक्त डॉ हरीश ने बताया कि अब तक 2,194 (0.23 प्रतिशत) गणना प्रपत्र मतदाताओं द्वारा स्वयं जमा कराए गए हैं, जिनका बीएलओ द्वारा सत्यापन किया जाना है। वहीं 1,74,604 (18.06 प्रतिशत) गणना प्रपत्रों का बीएलओ द्वारा सफलतापूर्वक सत्यापन भी किया जा चुका है।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि “लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता का सही पंजीकरण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान लोकतंत्र को अधिक सशक्त, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। जिला प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सही विवरण के साथ मतदाता सूची में दर्ज हो, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित न रहे।”
उपायुक्त ने सभी बीएलओ, सुपरवाइजर तथा निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं समयबद्धता के साथ संपन्न करें। साथ ही जिले के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जब भी बीएलओ उनके घर पहुंचे तो आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराकर सहयोग करें तथा गणना प्रपत्र समय पर भरकर जमा करें।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य शत-प्रतिशत सत्यापित, अद्यतन एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।

Comments


Leave a Reply