Friday, July 3, 2026
Newspaper and Magzine


मतदाता सूची की शुद्धता में जनसहभागिता बने सभी राजनीतिक दल: उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at July 3, 2026 Tags: , , , , ,

विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में राजनीतिक दल निभाएं सक्रिय भूमिका

हर पात्र मतदाता का नाम सूची में सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता

पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची के लिए प्रशासन ने राजनीतिक दलों से मांगा सहयोग

BOL PANIPAT , 3 जुलाई। जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को और अधिक प्रभावी एवं गति देने के उद्देश्य से उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने शुक्रवार को जिला सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अभियान की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी आमंत्रित किए तथा सभी दलों से सक्रिय सहयोग की अपील की।

    उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती का आधार शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची है। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो तथा अपात्र या त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों का समयबद्ध निराकरण किया जाए।

    उन्होंने कहा कि इस कार्य में राजनीतिक दलों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके सहयोग से अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं तक पहुंच बनाना और आवश्यक सुधार करना संभव होगा। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने स्तर पर लोगों को जागरूक करें, पात्र नागरिकों को आवश्यक प्रपत्र भरवाने में सहयोग दें तथा मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि की जानकारी प्रशासन को उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही के साथ अभियान का संचालन कर रहा है तथा प्रत्येक सुझाव का सकारात्मक रूप से स्वागत किया जाएगा।

    एडीसी अंकित चौकसे ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को मिशन मोड में संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सभी संबंधित अधिकारी एवं बीएलओ निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे जमीनी स्तर पर अभियान का हिस्सा बनकर पात्र मतदाताओं तक जानकारी पहुंचाएं, ताकि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि प्रशासन और राजनीतिक दलों के समन्वित प्रयासों से ही शत-प्रतिशत शुद्ध एवं विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार की जा सकती है।

बैठक में एडीसी अंकित चौकसे, एसडीएम पानीपत मनदीप कुमार, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप, नगराधीश टीनू पोसवाल, डीडीपीओ राजेश शर्मा, डीएसपी सुरेश, निर्वाचन तहसीलदार सुरेंद्र सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Comments


Leave a Reply