मेरा युवा भारत पोर्टल पर सघन पंजीकरण एवं जन-जागरूकता अभियान प्रारम्भ
देशभर के 5 करोड़ युवाओं को जोडऩे का लक्ष्य, युवाओं से बढ़-चढक़र सहभागिता की अपील
BOL PANIPAT, 6 जुलाई। मेरा युवा भारत, करनाल की जिला युवा अधिकारी अंजली चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार मेरा युवा भारत (माई भारत) द्वारा विगत 1 जुलाई 2026 से 15 अगस्त 2026 तक पूरे देश में सघन पंजीकरण एवं जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इस राष्ट्रव्यापी अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को मेरा युवा भारत पोर्टल से जोड़ते हुए राष्ट्रीय स्तर पर 5 करोड़ युवाओं के पंजीकरण का लक्ष्य प्राप्त करना है।
उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत जिले के महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों, विद्यालयों, राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाइयों तथा अन्य शिक्षण एवं सामाजिक संस्थाओं में विशेष पंजीकरण शिविर, जन-जागरूकता कार्यक्रम, संवाद गोष्ठियाँ तथा प्रचार-प्रसार गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी। मेरा युवा भारत के स्वयंसेवक युवाओं को पोर्टल पर पंजीकरण कराने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति भी जागरूक करेंगे।
उन्होंने बताया कि मेरा युवा भारत केवल एक पंजीकरण मंच नहीं है, बल्कि युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोडऩे वाला एक सशक्त राष्ट्रीय माध्यम है। इसके माध्यम से युवाओं को समय-समय पर विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग, विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम, बजट क्वेस्ट अभियान, नेतृत्व विकास कार्यक्रम, कौशल विकास गतिविधियाँ, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, रक्तदान, सामुदायिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, जन-जागरूकता अभियान तथा अन्य अनेक राष्ट्रीय कार्यक्रमों में सहभागिता का अवसर प्राप्त होता है। विभिन्न राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं को देश के शीर्ष नेतृत्व के साथ संवाद करने जैसे विशेष अवसर भी प्राप्त हुए हैं।
अभियान के दौरान प्रत्येक स्वयंसेवक, नामित प्रभारी एवं परिसर प्रतिनिधि अपने पंजीकरण रेफरल कोड के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को पोर्टल से जोडऩे के लिए प्रेरित करेंगे। इस व्यवस्था से प्रत्येक व्यक्ति द्वारा किए गए पंजीकरणों का आकलन किया जा सकेगा तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयंसेवकों एवं संस्थानों को भविष्य में सम्मानित भी किया जाएगा।
मेरा युवा भारत, करनाल की जिला युवा अधिकारी अंजली चौधरी ने जिले के सभी महाविद्यालयों, राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाइयों, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों, विद्यालयों, युवा संगठनों तथा 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के सभी युवाओं से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा स्वयं पंजीकरण करने के साथ-साथ अपने मित्रों, सहपाठियों, परिवार के पात्र सदस्यों तथा अपने आसपास के अन्य युवाओं को भी मेरा युवा भारत पोर्टल से जोडऩे का संकल्प ले। सभी पात्र युवा डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यूडॉटमाईभारतडॉटजीओवीडॉटइन (www.mybharat.gov.in) पर जाकर सरल प्रक्रिया के माध्यम से अपना पंजीकरण कर सकते हैं तथा राष्ट्र निर्माण की इस महत्वपूर्ण पहल में सहभागी बन सकते हैं।

Comments