Monday, July 6, 2026
Newspaper and Magzine


जनता समाधान शिविर में 12 शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश, हर फरियादी को मिलेगा न्याय: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at July 6, 2026 Tags: , , , ,

जन समस्याओं के समाधान में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश

जनता की समस्याओं का मौके पर समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता

जनता समाधान शिविर बना भरोसे का मंच, शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई के दिए गए निर्देश

BOL PANIPAT , 6 जुलाई। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के दिशा-निर्देशों पर आयोजित जनता समाधान शिविर के तहत सोमवार को जिला सचिवालय सभागार में जन समस्याओं की सुनवाई की गई। शिविर की अध्यक्षता उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने की। उन्होंने विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को प्रत्येक मामले में निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 12 शिकायतें प्राप्त हुईं। उपायुक्त ने सभी शिकायतों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने तथा प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। शिविर में पहुंची रोशनी देवी ने विधवा पेंशन बनवाने के लिए प्रशासन से अनुरोध किया, जिस पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

    सामाजिक कार्यकर्ता कुमारी रंजीता कौशिक ने गांव में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के माध्यम से पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराने तथा पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से 2 हजार पौधे लगाने की मांग रखी। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निशा रानी ने राशन कार्ड दोबारा शुरू करवाने का आग्रह करते हुए बताया कि राशन कार्ड बंद होने के कारण उन्हें अनेक सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उपायुक्त ने मामले की जांच कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। गांव गढ़ शहरनाई के ग्रामीणों ने अवैध कब्जों को हटाने की मांग उठाई। उपायुक्त ने संबंधित विभाग को मौके का निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

    उपायुक्त ने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण है और किसी भी पात्र व्यक्ति को न्याय दिलाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।

    अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने कहा कि जनता समाधान शिविर प्रशासन और आमजन के बीच विश्वास का मजबूत माध्यम बन रहा है। सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश हैं कि शिकायतों का समाधान केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि धरातल पर परिणाम दिखाई दें। प्रत्येक शिकायत की नियमित समीक्षा कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

    पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और जन शिकायतों से जुड़े मामलों में पुलिस पूरी संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ कार्रवाई कर रही है। प्रत्येक शिकायत का तथ्यों के आधार पर शीघ्र निस्तारण किया जाएगा तथा आमजन को न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

    एसडीएम मनदीप कुमार ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना है। समाधान शिविरों के माध्यम से लोगों की शिकायतों का पारदर्शी एवं जवाबदेह तरीके से निपटारा किया जा रहा है। इस अवसर पर सीईओ डॉ. किरण, नगराधीश टीनू पोसवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments


Leave a Reply