लोकतंत्र की मजबूती का आधार है विशेष गहन पुनरीक्षण, 5 दिन शेष: एसडीएम मनदीप कुमार
मतदाता सूची में नाम सुनिश्चित कराने का अंतिम अवसर, प्रशासन ने तेज किया अभियान
हर पात्र मतदाता का नाम सूची में हो, अधिकारी पूरी जिम्मेदारी से करें कार्य
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, प्रशासन पूरी तरह गंभीर
BOL PANIPAT , 9 जुलाई। लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची होती है। इसी उद्देश्य को लेकर चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। प्रशासन का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा अपात्र नामों को नियमानुसार हटाकर मतदाता सूची को पूरी तरह अद्यतन बनाया जाए।
एसडीएम मनदीप कुमार ने कहा कि 24 पानीपत ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में सभी बीएलओ और अन्य अधिकारी कार्य में और तेजी लाएं। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। उन्होंने खास तौर पर पानीपत ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने संबंधित प्रपत्र (फॉर्म) शीघ्र अपने बीएलओ के पास जमा करें। अभियान के समापन में अब केवल पांच दिन का समय शेष है, इसलिए किसी भी प्रकार की देरी न करें।
एसडीएम ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अभियान को पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और गंभीरता के साथ सफल बनाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंच बनाकर उन्हें जागरूक करना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटना नहीं चाहिए और प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची ही निष्पक्ष चुनाव की आधारशिला होती है। प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदान का अधिकार सुरक्षित रहे, यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से भी लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और समय रहते अपने दस्तावेज एवं प्रपत्र जमा कराने की अपील की। प्रशासन को विश्वास है कि जनसहभागिता और अधिकारियों की जिम्मेदार कार्यशैली से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान सफलतापूर्वक पूर्ण होगा।

Comments