मतदान प्रत्येक व्यक्ति का अधिकार व दायित्व : सुशील सारवान
BOL PANIPAT : 14 जून । उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुशील सारवान ने कहा है कि मजबूत लोकतंत्र में मतदान एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और हमारी चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता व शांतिपूर्ण व्यवस्था की दुनियाभर में मिसाल दी जाती है। संविधान में सभी पात्र नागरिकों को मतदान का अधिकार दिया गया है, इसलिए मतदाता का दायित्व है कि सशक्त राष्ट्र के निर्माण में सहयोग करते हुए अधिक से अधिक मतदान करें।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुशील सारवान ने समालखा नगरपालिका क्षेत्र के मतदाताओं से अपील की है कि वे आगामी 19 जून को समालखा नगरपालिका चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए शतप्रतिशत मतदान में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता को अपने मत का प्रयोग जाति, धर्म से ऊपर उठकर तथा बिना किसी प्रलोभन के सही व्यक्ति की पहचान करके ही करना चाहिए । हम अपने प्रतिनिधियों को चुनने के लिए संविधान द्वारा दिए हुए सर्वोत्तम उपहार का प्रयोग कर लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करें। सभी मतदाता निडर होकर मतदान के समय अपने मत का प्रयोग जरूर करें।

Comments