Friday, July 10, 2026
Newspaper and Magzine


आर्य गर्ल्स पब्लिक स्कूल में प्रेरणादायक पॉडकास्ट का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at July 10, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : आर्य गर्ल्स पब्लिक स्कूल में 10 जुलाई 2026 को एक प्रेरणादायक पॉडकास्ट का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को अनुभवी शिक्षकों एवं विद्यालय प्रशासन के विचारों से अवगत कराना तथा उन्हें शिक्षा, अनुशासन एवं जीवन मूल्यों के प्रति प्रेरित करना था।

इस कार्यक्रम का सफल आयोजन आशु अग्रवाल के मार्गदर्शन में किया गया।

कार्यक्रम में कक्षा 11वीं एवं 12वीं की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा पूरे मंच का संचालन अत्यंत आत्मविश्वास एवं कुशलता के साथ किया। कार्यक्रम की एंकरिंग छात्रा खुशी द्वारा प्रभावशाली ढंग से की गई।

पॉडकास्ट के अंतर्गत विद्यालय की प्रधानाचार्या धर्मेंद्र एवं पायल का साक्षात्कार आयोजित किया गया। इस साक्षात्कार का संचालन छात्राएँ नीति, पलक एवं अंजनि द्वारा किया गया। छात्राओं ने अतिथियों से शिक्षा, जीवन में सफलता, अनुशासन एवं चुनौतियों का सामना करने से संबंधित अनेक प्रेरणादायक प्रश्न पूछे।

साक्षात्कार के दौरान दिए गए उत्तरों से विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। वक्ताओं ने बताया कि जीवन की कठिनाइयों का सामना करने के लिए शिक्षा सबसे सशक्त माध्यम है तथा निरंतर परिश्रम, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास सफलता की कुंजी हैं।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर अनुभा गुप्ता एवं ऋतु गोयल ने अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने छात्राओं के उत्कृष्ट मंच संचालन, साक्षात्कार की गुणवत्ता एवं पूरे कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायक रहा। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया तथा भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।

पूरा कार्यक्रम सफलतापूर्वक एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस आयोजन ने छात्राओं के आत्मविश्वास, संवाद कौशल एवं मंच संचालन क्षमता को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए नई प्रेरणा प्रदान की।

Comments


Leave a Reply