विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 की अवधि बढ़ाई गई: जिला निर्वाचन अधिकारी
BOL PANIPAT , 14 जुलाई। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण -2026 में गणना प्रपत्र बीएलओ को जमा करवाने तथा डिजिटलाइजेशन करने की अवधि को 14.07.2026 से 24.07.2026 तक बढ़ा दिया गया है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता प्रारम्भिक मतदाता सूची में शामिल होने अथवा अपने विवरण का सत्यापन कराने से वंचित न रहे।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठï ने जिला के शेष सभी मतदाताओं से अपील की है कि जिन्होने अभी तक अपना गणना प्रपत्र वापिस बीएलओ को जमा नहीं कराया है, वे विस्तारित तिथि 24.07.2026 का लाभ उठाते हुए शीघ्र अपना गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को उपलब्ध कराएं अथवा निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन माध्यम से भी जमा कर सकते हैं। सभी पात्र मतदाताओं को सूचित किया जाता है कि यदि इस विस्तारित अवधि में भी आप द्वारा गणना प्रपत्र जमा नहीं करवाया जाता तो, आपका नाम दिनांक 31.07.2026 को प्रकाशित होने वाली प्रारम्भिक मतदाता सूची में शामिल नही होगा । इसके अतिरिक्त प्रारम्भिक मतदाता सूची जोकि 31 जुलाई 2026 को प्रकाशित होगी। उसके लिए दावे एवं आपत्तियों की अवधि तिथि 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक रहेगी। मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 3 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करना तथा मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है। इसलिए सभी मतदाता इस अभियान में सक्रिय सहयोग करें और अपने परिवार के प्रत्येक पात्र सदस्य का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित कराएं। पुनरीक्षण कार्यक्रम एवं अन्य जानकारी के लिए संबंधित जिला निर्वाचन कार्यालय, बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अथवा 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।

Comments