Tuesday, July 14, 2026
Newspaper and Magzine


रिफाइनरी दिवस पर रक्तदान शिविर का सफल आयोजन, 84 यूनिट रक्त संग्रहित

By LALIT SHARMA , in Business SOCIAL , at July 14, 2026 Tags: , , , , , ,

BOL PANIPAT , 14 जुलाई 2026 :  पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स के 28वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में रिफाइनरी ने सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय सेवा की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए 13 जुलाई, 2026 को टाउनशिप में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के सहयोग से एक भव्य स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया। यह पहल संगठन के मूल मूल्य ‘CARE’ (देखभाल) की भावना को साकार करने का एक प्रेरणादायक उदाहरण रही।

रक्तदान शिविर का शुभारंभ कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख, एम. एल. डहरिया ने किया। अपने उद्घाटन संबोधन में उन्होंने रक्तदान को मानवता की सबसे महान सेवाओं में से एक बताते हुए कहा कि आधुनिक उद्योग अनेक प्रकार के उत्पादों का निर्माण कर सकते हैं, लेकिन दुनिया का कोई भी कारखाना मानव रक्त का निर्माण नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि रक्त की आवश्यकता केवल स्वैच्छिक रक्तदान के माध्यम से ही पूरी की जा सकती है और प्रत्येक रक्तदाता वास्तव में किसी अनजान व्यक्ति के जीवन का रक्षक बनता है। उन्होंने सभी कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों से नियमित रूप से रक्तदान कर समाज में जीवन बचाने के इस पुनीत अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर ओम प्रकाश, मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन), रिफ़ाइनरी कर्मी तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

इस अवसर पर इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की प्रतिनिधि डॉ. पूजा ने सभी स्वैच्छिक रक्तदाताओं के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका निस्वार्थ योगदान अनेक जरूरतमंद मरीजों के लिए नई आशा और जीवन का संबल बनेगा। उन्होंने रिफाइनरी के सहयोग और इस सामाजिक पहल के सफल आयोजन की सराहना की।

रिफाइनरी दिवस के अवसर पर आयोजित यह रक्तदान शिविर अत्यंत सफल रहा, जिसमें 84 स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया। यह उल्लेखनीय सहभागिता कर्मचारियों की सामाजिक संवेदनशीलता, मानवीय मूल्यों तथा समुदाय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक बनी। कार्यक्रम ने यह संदेश भी दिया कि एक छोटी-सी मानवीय पहल किसी के जीवन में आशा की नई किरण बन सकती है और समाज में सेवा एवं सहयोग की संस्कृति को सशक्त बना सकती है।

Comments


Leave a Reply