Thursday, July 23, 2026
Newspaper and Magzine


हर फरियादी को मिलेगा न्याय, शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही किसी कीमत पर नहीं होगी बर्दाश्त: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at July 23, 2026 Tags: , , , , ,

समयबद्ध समाधान नहीं तो होगी जवाबदेही तय

जनता समाधान शिविर में 9 शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश, सुशासन की मिसाल बना शिविर

प्रशासन जनता के द्वार: समाधान, पारदर्शिता और जवाबदेही के संकल्प के साथ आगे बढ़ा

BOL PANIPAT, 23 जुलाई। प्रदेश सरकार की जनहितकारी सोच के अनुरूप आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित जनता समाधान शिविर में वीरवार को उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने शिविर की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, यह जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 9 शिकायतें प्राप्त हुईं। उपायुक्त ने सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई कर निर्धारित समय सीमा में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि जनता समाधान शिविर केवल शिकायतें सुनने का मंच नहीं, बल्कि लोगों का प्रशासन पर विश्वास मजबूत करने का माध्यम है। प्रत्येक अधिकारी पूरी संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करे ताकि पात्र व्यक्ति को उसके अधिकार समय पर मिल सकें। शिकायतों का समाधान धरातल पर दिखाई देना चाहिए, तभी सुशासन का उद्देश्य सार्थक होगा।

पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि आम नागरिक की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करना पुलिस की पहली जिम्मेदारी है। धोखाधड़ी, साइबर अपराध, चोरी एवं अन्य आपराधिक मामलों में दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार त्वरित और कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रत्येक शिकायत की निष्पक्ष जांच कर पीडि़तों को न्याय दिलाया जाएगा तथा लोगों से भी अपील है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

एसडीएम मनदीप कुमार ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक तक सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पहुंचाना है। सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें ताकि लोगों की समस्याओं का एक ही स्थान पर त्वरित और स्थायी समाधान हो सके। जनता की संतुष्टि ही प्रशासन की कार्यप्रणाली की सबसे बड़ी कसौटी है।

डीडीपीओ राजेश शर्मा ने कहा कि गांवों में विकास कार्यों की पारदर्शिता, जनसुविधाओं का विस्तार और लोगों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान हमारी प्राथमिकता है। पंचायत स्तर पर प्राप्त प्रत्येक शिकायत की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध कब्जों, सार्वजनिक सुविधाओं और विकास कार्यों से जुड़े मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा ताकि ग्रामीणों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं मिल सकें।

    शिविर में प्रार्थी रमेश अहर ने फिरनी पर हुए अवैध कब्जे को हटाने की मांग की। हुसैनी वासी पानीपत ने बेसहारा पेंशन बनवाने के लिए आवेदन दिया। मॉडल टाउन निवासी हरिश्चंद्र ने खराब स्ट्रीट लाइट ठीक करवाने का अनुरोध किया। वहीं महराना मार्ग पर अवैध कब्जा हटाने के लिए अनीता देवी, मीना कुमारी, राकेश और संजीत ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। इस अवसर पर डीआरओ क्नव लाकड़ा, बिजली विभाग के एसई धर्म सिहाग, आरटीओ डॉ. नीरज, डॉ. अमित, डॉक्टर प्रजा , एसडी ओ कृषि विभाग डॉ राधे श्याम गुप्ता, एसडीओ पब्लिक हेल्थ विरेंदर दहिया, एलडीएम जितेंद्र, पुलिस कंप्लेंट अधिकारी सुरेश, संजीव शर्मा, जोगिंदर, रमेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments


Leave a Reply