31 जुलाई को प्रकाशित होगी मतदाता सूची का ड्राफ्ट, दावे-आपत्तियों के लिए रहेगा एक माह का अवसर: उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ
31 जुलाई को मतदाता सूची का ड्राफ्ट होगा प्रकाशित
मतदाता सूची पुनरीक्षण में तेजी लाने के निर्देश, मुख्य चुनाव अधिकारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में लिया प्रगति का जायजा
हर पात्र मतदाता का नाम सूची में जोडऩा प्राथमिकता, विशेष अभियान के जरिए बढ़ेगी रफ्तार
निर्वाचन कार्य में नहीं रहेगी कोई ढिलाई, बूथ स्तर तक होगी निगरानी और औचक निरीक्षण
BOL PANIPAT , 30 जुलाई। प्रदेश के मुख्य चुनाव अधिकारी ए. श्रीनिवास ने वीरवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-2026) के तहत मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा के लिए सभी जिलों के उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की। बैठक में उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने जिले में अब तक की एसआईआर की विस्तृत प्रगति से मुख्य चुनाव अधिकारी को अवगत कराया। इस दौरान मुख्य चुनाव अधिकारी ने पुनरीक्षण कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरी पारदर्शिता और गंभीरता के साथ संपन्न करने तथा शेष कार्यों में और अधिक गति लाने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बताया गया कि जिले के चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाता गणना प्रपत्रों का संग्रहण और सत्यापन कार्य तेजी से पूरा किया गया है। जिले में कुल 9 लाख 66 हजार 687 मतदाता हैं, जिनमें से 7 लाख 85 हजार 16 मतदाताओं का सत्यापन किया जा चुका है। सत्यापित मतदाताओं के आधार पर 31 जुलाई को मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित किया जाएगा। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 31 जुलाई से 30 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इसके बाद नियमानुसार उनका निस्तारण किया जाएगा तथा 3 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
उपायुक्त ने बताया कि जिले के सभी निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों, सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों, सुपरवाइजरों तथा बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) का प्रशिक्षण पूरा कराया जा चुका है। सभी 93 सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों को मतदान केंद्र आवंटित कर दिए गए हैं, जिससे पुनरीक्षण कार्य को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके। डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित होने के बाद प्रत्येक निर्धारित स्थान पर इसे आमजन के अवलोकन के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। ग्राम सभाओं एवं शहरी वार्डों में भी मतदाता सूची का वाचन कराया जाएगा ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि जिले में फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 पर्याप्त संख्या में उपलब्ध हैं। मतदाता सूची से संबंधित कार्यों के लिए जिला स्तर तथा सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा 1950 हेल्पलाइन भी नागरिकों की सहायता के लिए सक्रिय है। उपायुक्त ने बताया कि आमजन की सुविधा के लिए 8 और 9 अगस्त तथा 22 और 23 अगस्त को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन दिनों सभी बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर नए मतदाता पंजीकरण, संशोधन एवं अन्य आवेदन स्वीकार करेंगे। साथ ही जिले के कॉलेजों एवं शिक्षण संस्थानों में विशेष शिविर आयोजित कर 18 वर्ष पूर्ण कर चुके प्रथम बार मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष जोर दिया जाएगा।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप सभी नोटिस ईसीआईनेट पोर्टल के माध्यम से जारी किए जाएंगे तथा बीएलओ घर-घर जाकर उनका वितरण सुनिश्चित करेंगे। सुनवाई की पूरी प्रक्रिया भी आयोग के निर्धारित प्रावधानों के अनुसार ऑनलाइन दर्ज की जाएगी। उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी, निर्वाचक पंजीयन अधिकारी तथा जिला निर्वाचन अधिकारी स्वयं समय-समय पर मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे। साथ ही प्राप्त प्रपत्रों की भी नियमित जांच की जाएगी ताकि मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित तैयार हो सके। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे, एसडीएम मनदीप कुमार, समालखा एसडीएम अमित कुमार, इसराना एसडीएम नवदीप नैन, नगराधीश टीनू पोसवाल, डीडीपीओ राजेश शर्मा, निर्वाचन तहसीलदार सुरेंद्र, महेंद्र अमरिंदर कोमल तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments