अवैध शराब बेचते युवक गिरफ्तार, 48 बोतल अवैध देसी शराब बरामद
BOL PANIPAT , 30 जुलाई : पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा अवैध शराब तस्करी सहित अवैध गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया हुआ है। अभियान के तहत बुधवार को उरलाना चौकी पुलिस ने सींक गांव के नजदीक सफीदो- गोहाना रोड पर पुराना मलिक होटल के बाहर एक युवक को अवैध शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 48 बोतल अवैध देसी शराब बरामद हुई है।
उरलाना चौकी इंचार्ज सब इंस्पेक्टर बंसीलाल ने बताया कि उरलाना चौकी पुलिस टीम को बुधवार को गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली थी की सफीदो-गोहाना रोड पर पुराना मलिक होटल के पास एक युवक अवैध शराब बेच रहा है। सूचना पर पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश देकर अवैध रूप से शराब बेच रहे युवक को काबू किया। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान सुरेंद्र पुत्र प्रीता निवासी डुमियाना के रूप में बताई। मौके पर आरोपी के पास से 34 बोतल, 20 अध्धे व 16 पव्वे देसी शराब बरामद हुई। पुलिस टीम ने युवक से बरामद शराब का लाईसेंस व परमिट दिखाने के लिए कहा तो वह कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका।
इंचार्ज सब इंस्पेक्टर बंसीलाल ने बताया कि बरामद अवैध शराब को कब्जा पुलिस में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना मतलौडा में एक्साइज एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई।

Comments