Tuesday, August 4, 2026
Newspaper and Magzine


हर घर तिरंगा अभियान से नई पीढ़ी में जागेगा राष्ट्रप्रेम: शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at August 4, 2026 Tags: , , , , ,

स्कूलों में तिरंगे के सम्मान और इतिहास से जुड़े कार्यक्रम होंगे प्रेरणा का स्रोत

गुरु रविदास समरसता अभियान और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस से मिलेगा एकता का संदेश

खेल, शिक्षा और संस्कार के संग हरियाणा रचेगा राष्ट्र निर्माण की नई इबारत

BOL PANIPAT , 4 अगस्त। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में हर घर तिरंगा अभियान, विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस और श्री गुरु रविदास समरसता संकल्प अभियान के माध्यम से राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन अभियानों में शिक्षा विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी और विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों में देशभक्ति, संविधान के प्रति सम्मान तथा राष्ट्रीय कर्तव्यों की भावना को और अधिक सशक्त किया जाएगा।

शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय खिलाडिय़ों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि देश को मिले 39 पदकों में से 10 पदक तथा 13 स्वर्ण पदकों में से 7 स्वर्ण हरियाणा के खिलाडिय़ों द्वारा जीतना पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि यह सफलता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की खेल एवं युवा हितैषी नीतियों का परिणाम है, जिससे प्रदेश के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का भरपूर अवसर मिला है।

महिपाल ढांडा ने कहा कि 9 अगस्त से 17 अगस्त तक चलने वाले हर घर तिरंगा अभियान के तहत प्रदेश के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में तिरंगे के इतिहास, वंदे मातरम के महत्व तथा स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े विषयों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों के लिए निबंध, चित्रकला, भाषण, प्रश्नोत्तरी तथा स्थानीय स्वतंत्रता सेनानियों पर आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी अपने गौरवशाली इतिहास से जुड़ सके।

शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा, विद्यालय केवल शिक्षा देने के केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार और राष्ट्र निर्माण की प्रयोगशालाएं हैं। हर घर तिरंगा अभियान विद्यार्थियों में राष्ट्र प्रेम, अनुशासन और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम बनेगा। हमें यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक छात्र अपने इतिहास, स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और संविधान के मूल्यों को समझे तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में देश के विकास में अपनी भूमिका निभाए।

उन्होंने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस नई पीढ़ी को देश के विभाजन की त्रासदी, लाखों लोगों के संघर्ष और राष्ट्रीय एकता के महत्व से परिचित कराने का अवसर है। वहीं श्री गुरु रविदास समरसता संकल्प अभियान समाज में समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश देने वाला ऐतिहासिक अभियान है। उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास जी के विचार आज भी समाज को एकजुट रखने और मानवता की सेवा का मार्ग दिखाते हैं। शिक्षा मंत्री ने प्रदेशवासियों, विशेषकर विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों से आह्वान किया कि वे इन सभी अभियानों में बढ़-चढक़र भाग लें तथा राष्ट्रभक्ति, सामाजिक सद्भाव और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

Comments


Leave a Reply