Friday, August 7, 2026
Newspaper and Magzine


एनआईएसएम सेबी द्वारा आयोजित राष्ट्रीय वित्तीय साक्षरता क्विज़ में एसडी पीजी कॉलेज पानीपत की टीम का शानदार प्रदर्शन

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at August 7, 2026 Tags: , , , ,

राष्टीय स्तर की प्रतियोगिता में उत्तरी भारत से सिर्फ एसडी पीजी कॉलेज की टीम ने बनाई जगह
युवाओं के ज्ञान, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास में क्विज
प्रतियोगिताए बहुत उपयोगी है: डॉ अनुपम अरोड़ा

BOL PANIPAT , 7 अगस्त, एसडी पीजी कॉलेज पानीपत के लिए गर्व का विषय रहा कि कॉलेज के दो विद्यार्थियों की टीम ने एनआईएसएम सेबी द्वारा दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय वित्तीय साक्षरता क्विज़ के क्षेत्रीय चरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान पर कब्ज़ा किया । इस प्रतियोगिता के क्षेत्रीय दौर के लिए उत्तरी भारत से केवल एसडी पीजी कॉलेज पानीपत की टीम का चयन प्रथम ऑनलाइन चरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया था जिसमें कॉलेज से दो विद्यार्थियों की टीम को भाग लेने के लिए नामित किया गया । दिल्ली में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने भाग लिया । एसडी पीजी कॉलेज पानीपत के एमकॉम अंतिम वर्ष के छात्र सौरभ और ललित वर्मा ने वित्तीय साक्षरता, निवेश, पूंजी बाजार एवं आर्थिक जागरूकता से जुड़े विषयों पर अपनी उत्कृष्ट जानकारी का प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान अर्जित कर कॉलेज एवं जिले का नाम गौरवान्वित किया । कॉलेज के वाणिज्य विभाग की प्रोफेसर डॉ दीपा वर्मा के मार्गदर्शन में छात्रों ने इस उपलब्धि को हासिल किया ।
दिनेश गोयल प्रधान ने अपने बधाई सन्देश में कहा कि क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं के ज्ञान में वृद्धि होती है और उनमे आत्मविश्वास के भाव का संचार होता है । वाणिज्य और प्रबंधन विषय पर आयोजित की गई इस राष्ट्रीय स्तर की क्विज का उद्देश्य सार्थक एवं प्रासंगिक ज्ञान एवं जानकारी को प्रश्नों के रूप में छात्र-छात्राओं तक पहुंचाना था ताकि प्रतियोगी छात्र इसका लाभ अपने जीवन में उठा सके । क्विज में भाग लेने से हमारी खुद की समझ भी व्यापक बनती है । उन्होनें कहा कि क्विज़ एक प्रकार की दिमागी कसरत है जिसमें प्रतिभागी सवालों के सही उत्तर देने का प्रयास करते हुए अपने बौद्धिक विकास को सक्रीय करता है ।
कॉलेज प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, लगन एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है । उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी कॉलेज के विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहेंगे । क्विज़ एक प्रकार का संक्षिप्त मूल्यांकन हैं जिसका प्रयोग शिक्षा या इसी प्रकार के अन्य क्षेत्रों में ज्ञान, योग्यता और कौशल में वृद्धि को मापने के लिए किया जाता है । क्विज़ छात्रों के मूल्यांकन के लिए भी एक सटीक माध्यम है । इसमें रोचक एवं ज्ञानवर्धक सवाल पूछे जाते हैं और एक परीक्षा की तुलना में इसे पूरा करने के लिए समय की भी कम आवश्यकता पड़ती है और मूल्यांकन भी सटीक होता है ।
इस अवसर पर सम्पूर्ण
कॉलेज परिवार ने विजेता विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की ।

Comments


Leave a Reply