राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य पर युवाओं को किया गया जागरूक.
BOL PANIPAT -बुधवार 21 जनवरी 2026, राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर आर्य पीजी कॉलेज में रेड रिबन क्लब गतिविधियों के अंतर्गत स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, पंचकूला द्वारा एक जागरूकता कार्यक्रम एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को एच.आइ.वी एडस एच.सी.वी एवं टीबी जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक करना तथा सही जानकारी प्रदान करना था।
प्राचार्य डॉ.जगदीश गुप्ता ने कहा कि विद्यार्थियों को इस प्रकार के कार्यक्रमों में जरूर भाग लेना चाहिए,उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए आज के समय में ऐसी बीमारियों के प्रति जागरूक होना बहुत जरूरी है।
इस अवसर पर ईएसआई अस्पताल, पानीपत से काउंसलर अंजू द्वारा एच.आइ.वी एडस एच.सी.वी एवं टीबी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। उन्होंने छात्रों को सुरक्षित व्यवहार, समय पर जांच तथा उपचार के महत्व के बारे में विस्तार से बताया।
कार्यक्रम के दौरान एनएसीओ की सोशल मीडिया हैंडल एवं हेल्पलाइन नंबर 1097 के प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया गया, ताकि छात्र किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए सही माध्यम तक पहुंच सकें।
कार्यक्रम में क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन करवाया गया जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रश्नोतरी प्रतियोगिता में छात्र अमन ने प्रथम, छात्रा देविका ने द्वितीय व छात्र दिपांश ने तृतीय स्थान हासिल कर पुरस्कार अपने नाम किया। इस प्रकार यह कार्यक्रम युवाओं के बीच स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
इस अवसर पर कॉलेज की रेड रिबन इकाई के प्रभारी प्रो. विजय सिंह, प्राध्यापक ललित व प्राध्यापिका खुशबू वर्मा मौजूद रहे।

Comments