9 से 17 अगस्त तक पूरे जिला में चलाया जाएगा हर घर तिरंगा अभियान
BOL PANIPAT : 7 अगस्त। हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने को लेकर प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने शुक्रवार को प्रदेश के सभी उपायुक्तों से बात की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। वीडियो कांफ्रेंस के बाद अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने जिला के सभी अधिकारियों को कहा कि यह अभियान 9 से 17 अगस्त तक पूरे जिला में चलाया जाएगा। प्रदेश सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन करें और इस अभियान को सफल बनाने में कोई कोर कसर ना छोड़ें।
एडीसी अंकित चौकसे ने कहा कि यह भारत सरकार द्वारा शुरू किया गया एक जनभागीदारी अभियान है, जिसका उद्देश्य नागरिकों को अपने घरों, संस्थानों और कार्यस्थलों पर भारतीय राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) फहराने के लिए प्रेरित करना है। इससे लोगों में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ावा दिया जाता है। उन्होंने कहा कि जिला में विभिन्न तिरंगा यात्राएं भी आयोजित की जाएंगी। इसके साथ-साथ स्कूलों में तिरंगा यात्रा से जुड़े विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित करवाई जाएंगी।
उन्होंने सभी नागरिकों से अपील भी की कि वे राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से जुड़े नियमों का पालन भी करें। ध्यान रखें कि तिरंगा फहराते समय उसकी गरिमा का सम्मान करना आवश्यक है, ताकि राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान बना रहे। बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉक्टर किरण सिंह, एसडीएम पानीपत मनदीप कुमार एसडीएम इसराना नवदीप सिंह, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के सीईओ प्रतीक हुडा,नगराधीश टीनू पोसवाल सहित विभिन्न विभागों के अध्यक्ष भी उपस्थित रहे।

Comments