Monday, October 19, 2026
Newspaper and Magzine


हरियाणा दिवस पर राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे की तैयारियां तेज, उपायुक्त ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at October 19, 2026 Tags: , , , , ,

एक नवंबर को मानसरोवर रिट्रीट सेंटर थिराना में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट

मतलौडा अनाज मंडी और मानसरोवर रिट्रीट सेंटर में संभावित हेलीपैड स्थलों का निरीक्षण

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री और राज्यपाल के पहुंचने की भी संभावना, 600 विशिष्ट अतिथियों के बैठने की व्यवस्था पर जोर

BOL PANIPAT ,19 अक्टूबर। हरियाणा दिवस के अवसर पर एक नवंबर को आयोजित होने वाले ‘विकसित भारत का संकल्प : ग्राम उत्थान से राष्ट्रीय उत्थान’ कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के ब्रह्माकुमारी संस्थान के मानसरोवर रिट्रीट सेंटर, थिराना में प्रस्तावित दौरे को देखते हुए उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने प्रशासनिक अधिकारियों की टीम के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतलौडा अनाज मंडी और मानसरोवर रिट्रीट सेंटर के आस पास संभावित हेलीपैड स्थलों का जायजा लिया तथा कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
बउपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ और पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण ने दोनों स्थानों का दौरा कर सुरक्षा, आवागमन, पार्किंग, अतिथियों के बैठने और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। प्रशासन की ओर से कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी।
गौरतलब है कि उपायुक्त प्रशासनिक टीम के साथ अब तक कार्यक्रम स्थल का दो बार दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा ले चुके हैं।
राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए मुख्य सभागार में लगभग 600 विशिष्ट अतिथियों के बैठने की व्यवस्था की संभावना है। इनमें बुद्धिजीवी, डॉक्टर, अधिवक्ता, शिक्षक तथा अन्य प्रतिष्ठित लोगों के शामिल होने की संभावना है।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सभागार में दर्शकों के बैठने के संभावित स्थलों का जायजा लिया और ब्रह्माकुमारी संस्थान के निदेशक भारत भूषण से कार्यक्रम की रूपरेखा तथा तैयारियों के संबंध में बातचीत की।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे कार्यक्रम से संबंधित सभी तैयारियां समय रहते पूरी करें और अपनी ड्यूटी का जिम्मेदारी से निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए प्रत्येक विभाग अपनी जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से समझे तथा आपसी तालमेल के साथ कार्य करे। सुरक्षा, यातायात, अतिथियों के आवागमन, बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक प्रबंधों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस स्तर के महत्वपूर्ण कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी विभागों का समन्वय जरूरी है। अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करें, ताकि कार्यक्रम के दिन किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जा सकें।
पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण ने कहा कि राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम स्थल तथा आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा संबंधी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएंगे। अतिथियों के आवागमन को सुचारु बनाए रखने, यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने और कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग पूरी सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएगा।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की संवेदनशीलता और महत्त्व को देखते हुए सभी संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे, एसडीएम मनदीप कुमार, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप नैन, डीडीपीओ राजेश शर्मा, ब्रह्माकुमारी संस्थान के निदेशक भारत भूषण, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता सबित पानू, जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता करण बहल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments


Leave a Reply