Thursday, August 13, 2026
Newspaper and Magzine


हर घर तिरंगा अभियान के तहत विस्तार व्याख्यान का हुआ आयोजन

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at August 13, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 13 अगस्त 2026 : आर्य पी.जी. कॉलेज, पानीपत की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत 13 अगस्त को एक विशेष विस्तार व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता तथा देश के राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति सम्मान की भावना को सुदृढ़ करना था।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अमित कुमार, सहायक प्रोफेसर, राजनीति विज्ञान विभाग रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय प्रतीकों एवं राष्ट्रीय ध्वज के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, गौरव और स्वतंत्रता का प्रतिनिधित्व करता है। इसी प्रकार राष्ट्रीय प्रतीक नागरिकों को अपनी साझा राष्ट्रीय पहचान से जोड़ने का कार्य करते हैं। राष्ट्रीय प्रतीक राष्ट्र की एकता और राष्ट्रीय एकीकरण को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रत्येक नागरिक को अपने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना रखनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और भारतीय होने पर गर्व महसूस करें।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने कहा कि युवाओं में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय कर्तव्य की भावना विकसित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को देश के इतिहास, राष्ट्रीय प्रतीकों और संविधान के मूल्यों से जोड़ने के साथ-साथ उनमें राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी, अनुशासन, सामाजिक समरसता और एकता की भावना का विकास करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को केवल एक कार्यक्रम के रूप में न लेकर इसे राष्ट्रीय गौरव और नागरिक जिम्मेदारी की भावना से जोड़ें तथा देश की प्रगति में अपना सकारात्मक योगदान दें।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी आस्था गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय एकता केवल एक विचार नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों ने राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को मजबूत करने तथा राष्ट्र की ‘विविधता में एकता’ की भावना को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया। उन्होंने स्वयंसेवकों से देश की एकता, सद्भाव और भाईचारे को बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनीषा डुडेजा ने बताया कि उच्चतर शिक्षा विभाग के महानिदेशक के निर्देशानुसार ‘हर घर तिरंगा अभियान’ 9 से 17 अगस्त 2026 तक मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों और एनएसएस स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए महाविद्यालय में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इनमें विस्तार व्याख्यान, भाषण एवं कविता प्रतियोगिताएं, जागरूकता रैलियां तथा अन्य राष्ट्रभक्ति से संबंधित गतिविधियां शामिल हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को राष्ट्रीय ध्वज, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और विविधता में एकता की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया। एनएसएस समन्वयक प्रो. पंकज चौधरी ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को राष्ट्रहित के प्रति जागरूक करने तथा उनमें देश के प्रति सम्मान, गौरव और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी स्वयंसेवकों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

Comments


Leave a Reply