शहीदों के बलिदान को नमन कर राष्ट्र निर्माण में योगदान का लें संकल्प: उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ
स्वतंत्रता दिवस पर उपायुक्त ने जिलेवासियों को दी हार्दिक शुभकामनाएं
BOL PANIPAT , 14 अगस्त।जिला उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त हमारे लिए राष्ट्रीय गौरव, त्याग और बलिदान का पर्व है। यह दिन हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के बलिदानों का स्मरण कराता है, जिनके संघर्ष और त्याग के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं।
उन्होंने जिले के नागरिकों से आह्वान किया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हम सभी राष्ट्र की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लें। देश और प्रदेश की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। हमें अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए स्वच्छ, स्वस्थ, शिक्षित, सुरक्षित और विकसित समाज के निर्माण में योगदान देना चाहिए।
उपायुक्त ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। तिरंगा हमारे गौरव, एकता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने सभी जिलेवासियों से स्वतंत्रता दिवस को उत्साह और गरिमा के साथ मनाने तथा राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देने की अपील की।
डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने पानीपत के समस्त नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Comments