कानून का पालन और समाज में भाईचारा बनाए रखना ही सच्ची देशभक्ति: पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह
BOL PANIPAT , 14 अगस्त। पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि 15 अगस्त केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को नमन करने का अवसर है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि स्वतंत्र भारत की सुरक्षा और सम्मान की जिम्मेदारी हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहना चाहिए। कानून का पालन करना, समाज में शांति एवं सौहार्द बनाए रखना और जरूरतमंद लोगों की सहायता करना सच्ची देशभक्ति का परिचायक है।
उन्होंने कहा कि पानीपत ऐतिहासिक और वीरता की धरती है, इसलिए यहां के नागरिकों में राष्ट्रभक्ति और देश के प्रति समर्पण की भावना सदैव विशेष रही है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे और अपराध से दूर रहकर शिक्षा, खेल, अनुशासन और सकारात्मक सोच को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें यह संकल्प लेने की प्रेरणा देता है कि हम समाज में कानून-व्यवस्था, भाईचारे और आपसी विश्वास को मजबूत करने में अपना योगदान देंगे। पुलिस प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने समस्त जिलेवासियों को 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, शांति, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Comments