Saturday, August 22, 2026
Newspaper and Magzine


यूपी निवासी नशा तस्कर 1 किलो 100 ग्राम चरस सहित गिरफ्तार.यूपी से खरीदकर पानीपत में तस्करी करने आ रहा था.

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at August 22, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 22 अप्रैल : पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के नेतृत्व में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस टीम ने शुक्रवार शाम को 709 एडी हाईवे पर सनौली मोड़ के पास यूपी निवासी एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 1 किलो 100 ग्राम चरस बरामद हुई है। आरोपी की पहचान यूपी के मुजफ्फरनगर के गांव हरि नगर निवासी दीपक के रूप में हुई है।

एंटी नारकोटिक्स सेल इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने शॉर्टकट तरीके से मोटे पैसे कमाने के लिए अपने गांव निवासी एक युवक से उक्त चरस कम कीमत पर खरीदी थी। शनिवार को वह अपने एक जानकार से स्प्लेंडर बाइक मांगकर पानीपत व आसपास के क्षेत्र में चरस को महंगे दाम पर बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में आ रहा था। थाना सनौली में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने शनिवार को आरोपी दीपक को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उसे 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ करने के साथ नशा सप्लायर के ठिकानों का पता लगाकर उसे काबू करने का प्रयास करेगी।

इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि शुक्रवार शाम को उनकी एक टीम गश्त व जांच पड़ताल के दौरान पानीपत-खटीमा (709 एडी) हाईवे पर थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि यूपी निवासी एक युवक यूपी नंबर की स्प्लेंडर बाइक पर मादक पदार्थ लेकर बेचने के लिए यूपी से पानीपत की तरफ आ रहा है। पुलिस टीम ने सूचना को पुख्ता मानकर 709 एडी हाईवे पर सनौली मोड़ के सामने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी।
कुछ देर पश्चात यमुना की ओर से एक युवक स्प्लेंडर बाइक पर आता हुआ दिखाई दिया। बाइक पर एक बैग बंधा हुआ था। पुलिस टीम ने नाके पर बाइक को रुकवाकर युवक से पूछताछ की। उसने अपनी पहचान दीपक पुत्र राजेंद्र निवासी हरि नगर, मुजफ्फरनगर यूपी के रूप में बताई। ड्यूटी मजिस्ट्रेट ईटीओ अमित की मौजूदगी में पुलिस ने युवक व उसके बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से प्लास्टिक की थैली में भारी मात्रा में चरस (मादक पदार्थ) बरामद हुआ। बरामद चरस का वजन करने पर 1 किलो 100 ग्राम पाया गया।

Comments


Leave a Reply