Tuesday, August 25, 2026
Newspaper and Magzine


आई.बी. पीजी कॉलेज में “कैंपस हुनर” का भव्य आयोजन, छात्रों की उद्यमिता को मिली नई उड़ान

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at August 25, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : जी.टी. रोड स्थित आई.बी. स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्लेसमेंट एवं करियर गाइडेंस सेल और मेधा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आज महाविद्यालय परिसर में “कैंपस हुनर” नामक छात्र उद्यमिता मेले का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं में उद्यमशीलता की सोच को बढ़ावा देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना था। इस कार्यक्रम में छात्रों ने अपने स्वयं के छोटे-छोटे व्यावसायिक स्टॉल लगाए और रचनात्मक उत्पादों, हस्तनिर्मित वस्तुओं और नवीन बिजनेस आइडियाज का शानदार प्रदर्शन किया जिससे पूरे परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर महाविद्यालय की प्रबंधन समिति से महासचिव एलएन मिगलानी ने छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “हमारा लक्ष्य छात्रों को केवल डिग्री धारक नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर और रोजगार सृजन करने वाला नागरिक बनाना है। कैंपस हुनर जैसे मंच उन्हें आत्मविश्वास और व्यावहारिक ज्ञान देते हैं।  

इसी अवसर  पर  महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.सतवीर सिंह ने छात्रों की सराहना करते हुए कहा, “आज के युग में केवल नौकरी ढूंढना काफी नहीं है, बल्कि नए अवसर पैदा करना भी जरूरी है। कैंपस हुनर सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि छात्रों के लिए वास्तविक व्यावसायिक दुनिया का अनुभव करने का एक अवसर है। हम चाहते हैं कि हमारे छात्र केवल नौकरी खोजने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनें। उन्होंने  यह  भी कहा कि हमारे छात्र पढ़ाई के साथ-साथ उद्यमिता के क्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। यह उनकी रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता का प्रमाण है।  

प्लेसमेंट एवं करियर गाइडेंस सेल की संयोजिका डॉ. अर्पणा गर्ग ने कहा कि कैंपस हुनर एक छोटा सा बाजार नहीं, बल्कि बड़ी सोच की शुरुआत है। हम चाहते हैं कि छात्र इस अनुभव से सीखें कि एक छोटे से आइडिया को मेहनत और लगन से कैसे बड़े बिजनेस में बदला जा सकता है। हर स्टॉल के पीछे एक कहानी और एक सपना है। सभी संकायों और पाठ्यक्रमों के छात्रों ने स्टॉलों का भ्रमण किया, उत्पादों को देखा-परखा और अपने साथी छात्रों का हौसला भी बढ़ाया।

 कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लास के साथ हुआ। महाविद्यालय के शिक्षकों ने भी स्टॉलों का दौरा किया और युवा उद्यमियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी अपने उद्यमिता के सफर को जारी रखने के लिए प्रेरित किया।छात्रों और शिक्षकों दोनों ने ही इस पहल की सराहना की और भविष्य में ऐसे और कार्यक्रमों के आयोजन की आशा जताई। इस कार्यक्रम ने छात्रों को अपने विचारों को हकीकत में बदलने के लिए एक शानदार मंच प्रदान किया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में निशा गुप्ता, कीर्ति एवं मेधा लर्निंग फाउंडेशन से शाहिद, अमन श्रीवास्तव, छवि, निधि, नेहा, अब्दुल हासिब एवं प्रिंस का अहम योगदान रहा।

Comments


Leave a Reply