चेन स्नेचिंग के मामले में 6 साल से फरार 5 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार
आरोपी के खिलाफ हरियाणा, यूपी, दिल्ली व राजस्थान में स्नेचिंग-चोरी के करीब 50 मामले दर्ज
BOL PANIPAT , 12 सितंबर : पानीपत पुलिस ने चेन स्नेचिंग के एक मामले में करीब 6 साल से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के खिलाफ हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान में स्नेचिंग व चोरी के करीब 50 मामले दर्ज हैं। इनमें से 7 मामले अकेले पानीपत के विभिन्न थानों में दर्ज हैं। आरोपी शनिवार को अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में पानीपत आया था।

उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय विकास कुमार ने शनिवार को जिला सचिवालय स्थित पुलिस विभाग के सभागार में प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि एंटी एक्सटॉर्शन सेल प्रभारी सब इंस्पेक्टर रमेश की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि चेन स्नेचिंग की वारदात में वांछित आरोपी सेक्टर 13/17 में हेलीपैड के पास घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत दबिश देकर आरोपी को काबू कर लिया।
पूछताछ में उसकी पहचान जय कुमार उर्फ जयप्रकाश पुत्र गोविंद निवासी अलाउद्दीन शामली यूपी हाल निवासी धूरी संगरूर पंजाब के रूप में हुई।
आरोपी वर्ष 2020 में थाना किला में दर्ज चेन स्नेचिंग के एक मामले में फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस महानिरीक्षक करनाल मंडल द्वारा जुलाई 2024 में 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
इस मामले में पुलिस द्वारा आरोपी के तीन साथी आरोपियों अनुज, अजय उर्फ लेफ्टी और सोनू निवासी खेड़ी अहमदगढ़ शामली यूपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा चुका है। चारों आरोपियों ने वर्ष 2020 में देसराज कॉलोनी में पैदल जा रही एक महिला के गले से सोने की चेन झपटने की वारदात को अंजाम दिया था।
पूछताछ में जय कुमार उर्फ जयप्रकाश ने अपने उक्त तीनों साथी आरोपियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया वह शनिवार को स्नेचिंग की अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में पानीपत आया था।
उप पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान में स्नेचिंग व चोरी के करीब 50 मामले दर्ज हैं। इनमें से पानीपत के विभिन्न थानों में 7 मामले दर्ज हैं। आरोपी इन मामलों में भी फरार चल रहा था।
पुलिस आरोपी को रविवार को माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेगी। रिमांड के दौरान उससे उक्त मामले के साथ-साथ अन्य स्नेचिंग व चोरी की वारदातों के संबंध में भी गहनता से पूछताछ की जाएगी।

Comments