Saturday, September 12, 2026
Newspaper and Magzine


ढाबे पर खाना खाने गए दो युवकों से बाइक लूटने वाले तीनों आरोपी वारदात के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार, छीनी गई बाइक बरामद

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at September 12, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 12 सितंबर : पानीपत पुलिस ने टोल प्लाजा के पास स्थित ढाबे पर खाना खाने गए दो युवकों के साथ मारपीट कर बाइक लूटने की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान बतरा कॉलोनी निवासी अमन, सुनील उर्फ टिंकू व गौरव के रूप में हुई है।

उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय विकास कुमार ने शनिवार को जिला सचिवालय स्थित पुलिस विभाग के सभागार में प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि थाना सेक्टर 13/17 में नूरवाला की गीता कॉलोनी निवासी विकास पुत्र सेठपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 10 सितंबर की देर रात करीब 2 बजे वह अपने दोस्त शुभम के साथ स्प्लेंडर बाइक पर टोल प्लाजा के पास स्थित आहूजा ढाबे पर खाना खाने गया था।
ढाबे पर पहुंचते ही एक युवक ने उनकी बाइक की चाबी निकाल ली। शुभम ने युवक से बाइक की चाबी वापस मांगी। इसी दौरान उक्त युवक के दो अन्य साथी भी वहां आ गए। इसके बाद तीनों आरोपियों ने मिलकर उसके व शुभम के साथ मारपीट की और उनकी बाइक छीनकर ले गए। थाना सेक्टर 13/17 में विकास की शिकायत पर लूट व संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।

उप पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की धरपकड़ की जिम्मेदारी सीआईए टू प्रभारी सब इंस्पेक्टर अनिल पवार की टीम को सौंपी गई थी। पुलिस टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही अपने सभी सोर्स सक्रिय कर आरोपियों की धरपकड़ में जुटी थी। इसी दौरान शनिवार को पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि वारदात को अंजाम देने वाले तीनों आरोपी दिल्ली पैरलल नहर बाईपास पर बतरा कॉलोनी के नजदीक फ्लाईओवर पुल के नीचे बाइक पर घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर तीनों आरोपियों को काबू किया। उनके कब्जे से लूटी गई बाइक बरामद की। आरोपियों की पहचान बतरा कॉलोनी निवासी अमन पुत्र संजीव, सुनील उर्फ टिंकू पुत्र मोहर सिंह व गौरव पुत्र बलिंद्र के रूप में हुई है।

उप पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में तीनों आरोपियों ने बताया कि वे नशा करने के आदी हैं। नशे की लत पूरी करने के लिए पैसों की जरूरत पड़ने पर तीनों ने मिलकर बाइक लूट की उक्त वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस तीनों आरोपियों को रविवार को माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेगी। रिमांड के दौरान आरोपियों से गहनता से पूछताछ करने के साथ वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।

Comments


Leave a Reply