Monday, September 14, 2026
Newspaper and Magzine


युवक के अपहरण व लूट की वारदात का तीसरा आरोपी गिरफ्तार

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at September 14, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 14 सितंबर : पानीपत सीआईए वन पुलिस टीम ने थाना बापौली क्षेत्र में बाइक सवार युवक का अपहरण कर उसकी बाइक व मोबाइल फोन लूटने की वारदात में शामिल फरार तीसरे आरोपी को रविवार देर शाम गढ़ी भलौर मोड़ बापौली से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान हथवाला निवासी युसुफ उर्फ काला के रूप में हुई है।

सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर विरेंद्र ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके गांव निवासी अपने दो साथी आरोपियों रिहान व विकास के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने वारदात का महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश करते हुए बीते शुक्रवार देर शाम गांव हथवाला निवासी रिहान व विकास को गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपियों ने फरार साथी युसुफ के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया था कि वे तीनों नशा करने के आदी हैं। नशे की लत पूरी करने और शॉर्टकट तरीके से पैसे कमाने के लिए उन्होंने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने रिहान व विकास को शनिवार को माननीय न्यायालय में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था।

इंस्पेक्टर विरेंद्र ने बताया कि पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से युवक का लूटा गया मोबाइल फोन, बाइक व वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की। सोमवार को आरोपी रिहान व विकास को रिमांड अवधि पूरी होने पर तथा युसुफ से पूछताछ के बाद माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से तीनों को न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया गया।

यह है मामला

थाना बापौली में गांव मच्छरौली हाल निवासी तुगाना जिला बागपत यूपी निवासी प्रदीप पुत्र कृष्ण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसकी गन्नौर में दुकान है। वह 9 सितंबर की रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहा था। करीब 10 बजे रास्ते में यमुना खोजकीपुर पुल पर चढ़ते समय उसे सामने तीन अज्ञात युवक खड़े दिखाई दिए। युवकों के इशारा करने पर उसने बाइक रोक ली।
इसके बाद युवकों ने उसकी जेब से मोबाइल फोन निकाल लिया और उसे जबरन बाइक पर बैठाकर खोजकीपुर कच्चे बांध की तरफ ले जाने लगे। उनके दो अन्य साथी भी पीछे बाइक पर चल रहे थे। रास्ते में बाइक की गति धीमी होते ही वह बाइक से कूद गया। इसके बाद आरोपी उसकी बाइक व मोबाइल फोन लेकर मौके से फरार हो गए।
प्रदीप की शिकायत पर थाना बापौली में अपहरण व लूट सहित संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

Comments


Leave a Reply