मोतीराम कॉलोनी में फायरिंग और पिता-पुत्र पर जानलेवा हमले के चार और आरोपी गिरफ्तार
BOL PANIPAT , 15 सितंबर : सीआईए थ्री पुलिस टीम ने मोतीराम कॉलोनी में घर के बाहर पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला करने और फायरिंग करने के मामले में चार और आरोपियों को सोमवार देर शाम रोड धर्मशाला के पास से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान जावा कॉलोनी निवासी कादिर, शिव नगर निवासी कासिम तथा अशोक विहार निवासी बिलाल व शाहरूख के रूप में हुई है।
सीआईए थ्री प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि पूछताछ में चारों आरोपियों ने मामले में पहले गिरफ्तार किए जा चुके अपने चार साथी आरोपियों जावा कॉलोनी नूरवाला निवासी आकाश उर्फ पाला, बंटी उर्फ नीशु, मोतीराम कॉलोनी निवासी विजय उर्फ जोगी तथा हरि सिंह कॉलोनी निवासी चिराग उर्फ चिनू और फरार अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने मंगलवार को चारों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ करने के साथ वारदात में प्रयुक्त बाइक व डंडे बरामद करने तथा फरार आरोपियों के ठिकानों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास करेगी।
पूछताछ में चारों आरोपियों का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड होना पाया गया है। आरोपी कादिर के खिलाफ मारपीट के आठ तथा कासिम के खिलाफ चार और बिलाल व शाहरूख के खिलाफ लड़ाई-झगड़े का एक-एक मामला दर्ज है।
मामले में पहले गिरफ्तार किए जा चुके चार आरोपियों आकाश उर्फ पाला, बंटी उर्फ नीशु, विजय उर्फ जोगी व चिराग उर्फ चिनू के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चार डंडे बरामद कर चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत जेल भेजा जा चुका है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया था कि उन्होंने फरार अपने साथियों के साथ मिलकर कहासुनी की रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया था।
यह है मामला
थाना तहसील कैंप में मोतीराम कॉलोनी, नूरवाला निवासी लखन पुत्र ईशम सिंह पांचाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह सेंटरिंग का काम करता है। 2 सितंबर की शाम करीब साढ़े 9 बजे वह अपने चाचा जोनी के साथ बाइक पर किसी काम से हरि सिंह चौक गया था। काम के बाद दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान हरि सिंह चौक के पास एक गली में लव पंडित, उसका भाई चिनू पंडित, उसका दोस्त अमन पंडित तथा चार-पांच अन्य युवक बाइक लगाकर रास्ता रोककर खड़े थे।
उसने रास्ता रोकने का कारण पूछा तो लव पंडित ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और गाली-गलौज की। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उसे छुड़वाया। लव पंडित ने जाते समय उसे देख लेने की धमकी दी।
इसके बाद वह अपने घर लौट आया। कुछ देर बाद वह अपने घर के पास चौक में खड़ा था। तभी लव पंडित अपने साथियों चिराग उर्फ चिनू, अमन पंडित, अमन, अमन जोगी उर्फ डागी, निशु जोगी, पंकज जोगी, लवली जोगी, अंशु राजपूत, विजय जोगी, राहुल बाबा निवासी वार्ड नंबर-11, दीपक बादशाह निवासी कुटानी रोड, कादिर राणा, उसके भाई, सौरभ उर्फ सिंगा निवासी बिचपड़ी तथा करीब 30 अन्य लोगों के साथ उसके घर के पास चौक में हमला करने की नीयत से पहुंचा।
चिनू पंडित, कादिर राणा और सौरभ उर्फ सिंगा के हाथों में अवैध हथियार थे, जबकि अन्य हमलावर लाठी-डंडों व घड़ासियों से लैस थे। आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से उसकी तरफ गोली चला दी। वह जान बचाकर अपने घर की तरफ भागा। इस दौरान अन्य हमलावर लाठी-डंडे लेकर उसके पीछे दौड़ पड़े। किसी तरह भागकर वह अपने घर के अंदर घुस गया।
आरोपियों ने घर के बाहर बैठे उसके पिता ईशम सिंह पांचाल पर हमला कर उन्हें चोटें मार दीं। आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी स्विफ्ट कार, उसके भाई की वेन्यू कार तथा परिवार के सदस्यों की बाइकों में भी तोड़फोड़ की। वारदात के बाद सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए हथियारों सहित मौके से फरार हो गए।
थाना तहसील कैंप में पुलिस ने लखन की शिकायत पर जानलेवा हमला सहित संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर जांच और आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।

Comments