मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सेवा संकल्प अभियान को लेकर वीसी के माध्यम से की सभी उपायुक्तों के साथ बैठक।
सभी उपायुक्तों को दिए निर्देश,समन्वय स्थापित कर अभियान को बनाएं सफल।
सेवा संकल्प अभियान से मजबूत होगी जनभागीदारी की भावना: डीसी
जिलाभर में 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक होंगे जनकल्याणकारी कार्यक्रम
17 सितंबर को सांय 6 बजे ऐतिहासिक देवी मंदिर परिसर में आशीर्वाद का दीया मॉड्यूल के साथ होगा अभियान का शुभारंभ
BOL PANIPAT , 16 सितंबर। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को राज्य के सभी जिला उपायुक्तों के साथ वीसी के माध्यम से बैठक ली और सेवा संकल्प अभियान पर विस्तृत रूप से चर्चा कर निर्देश दिए। वीडियो कांफ्रेंस के बाद उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने सभी संबंधित अधिकारियों की बैठक की और कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा कार्यों से जोडऩे और जनकल्याण की भावना को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले में 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया जाएगा। अभियान के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों के माध्यम से सेवा, सहयोग और सहभागिता की संस्कृति को मजबूत किया जाएगा। साथ ही, विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका को रेखांकित करने पर जोर रहेगा।
उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ 17 सितंबर को ऐतिहासिक देवी मंदिर में आशीर्वाद का दीया मॉड्यूल के तहत किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी की जाएं।
यह रहेगा कार्यक्रम का प्रारूप
डीसी ने बताया कि हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न मॉड्यूल में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें आशीर्वाद का दीया/रक्तदान, मेरे सपनों का भारत, चित्र सेवा, नमो सेवा ,अनकही कहानियां, आंगन मिलन सेवा, सेवा की कहानी, सेवा ज्योति कलश यात्रा, विकसित भारत का संकल्प, वडनगर वाराणसी सेवा यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, सेवा के रंग, राष्ट्र के संग, सेवा फस्र्ट इनोवेशन चैलेंज तथा सुशासन सेवा संवाद प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य सेवा को केवल एक गतिविधि तक सीमित रखने के बजाय इसे सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण से जोडऩा है। रक्तदान जैसी जनसेवा गतिविधियों से जरूरतमंदों की सहायता को प्रोत्साहन मिलेगा, जबकि चित्र सेवा और अनकही कहानियों जैसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक सोच तथा सेवा भावना को सामने लाएंगे।
डीसी ने कहा कि सेवा ज्योति कलश यात्रा को विकसित भारत का संकल्प और सेवा सेतु अभियान के माध्यम से जनभागीदारी को व्यापक रूप दिया जाएगा। यह यात्रा 7 अक्टूबर को निकाली जाएगी। वहीं सेवा फस्र्ट इनोवेशन चैलेंज, सेवा कार्यों में नए विचारों और नवाचार को बढ़ावा देगा। सुशासन सेवा संवाद के जरिए सेवा, सुशासन और जनकल्याण के बीच संबंध को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
आपसी समन्वय से तैयारियां पूरी करें विभाग
बैठक में डीसी ने सभी नोडल अधिकारियों और विभागाध्यक्षों को अभियान से संबंधित तैयारियां पूरी गंभीरता और समन्वय के साथ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान समाज के हर वर्ग को सेवा कार्यों से जोडऩे और सामूहिक सहभागिता के माध्यम से जनकल्याण को नई गति देने का महत्वपूर्ण अवसर है। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट, एडीसी अंकित चौकसे, सीईओ जिला परिषद डॉ किरण सिंह, एसडीएम पानीपत मंदीप कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप, एसडीएम समालखा अमित कुमार, सीटीएम टीनू पोसवाल, संयुक्त आयुक्त नगर निगम मनी त्यागी सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

Comments