Saturday, April 18, 2026
Newspaper and Magzine


बारिश व बाढ़ से उत्पन्न हालात पर है जिला प्रशासन की विशेष नजर: डीसी

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at September 1, 2025 Tags: , , , , ,

-डीसी डाक्टर वीरेद्र दहिया ने कहा – जलभराव की स्थिति में राहत और बचाव कार्य होगा तुरंत
-किसी भी स्थिति में जान-माल का नुकसान न हो इसके लिए प्रशासन सजग

BOL PANIPAT , 1 सितंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार जिला प्रशासन बारिश और उससे उत्पन्न बाढ़ जैसे हालातों को गंभीरता से लेते हुए विशेष सतर्कता बरतने और जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सजग है। डीसी डाक्टर वीरेन्द्र कुमार दहिया ने कहा कि आपदा की स्थिति में लोगों को अलर्ट किया जाएगा और जिला प्रशासन निरंतर हर हालात पर नजर रख रहा है।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के चेयरमैन एवं डीसी डॉक्टर वीरेद्र कुमार दहिया ने बताया कि शहरी व ग्रामीण आबादी वाले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति पर बरसात में पूर्ण व्यवस्था प्रबंधन के साथ नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर आपातकालीन हालात से निपटने के लिए आवश्यक इंतज़ाम पूर्ण रूप से किए गए हैं ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
डीसी ने कहा कि यदि किसी भी क्षेत्र में पानी भरता है तो तुरंत प्रभाव से राहत और बचाव कार्य शुरू किया जाएगा। ऐसे प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन सक्रिय रहेगा। उन्होंने बताया कि राहत शिविरों में पर्याप्त भोजन, स्वच्छ पेयजल, दवाइयां और अन्य जरूरी सामग्री की व्यवस्था पहले से करने के निर्देश सम्बंधित विभागीय अधिकारियों को दिए गए हैं ताकि आपात स्थिति में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
दहिया ने कहा कि बरसात के दौरान जिन क्षेत्रों में जलभराव की संभावना बढ़ती है तो वहां से लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जाएगा। उन्होंने जिला अधिकारियों को सभी संबंधित विभागों पुलिस, स्वास्थ्य, राजस्व, नगर निगम और आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का यह दायित्व है कि किसी भी नागरिक की जान-माल को नुकसान न होने पाए।
उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन जनता को समय-समय पर सही जानकारी उपलब्ध करा रहा है जिससे किसी तरह की अफवाहें न फैलें और लोग सुरक्षित महसूस करें। उन्होंने कहा कि आम जनता को किसी भी प्रकार की समस्या या हानि न हो, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को सतर्क रहते हुए समय पर प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिला सचिवालय में बाढ़ राहत नियंत्रण कक्ष 0180-2653850 भी स्थापित किया गया है जिसमें 24 घण्टे नियमित रूप से कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

Comments